ओडिशा में भीषण ट्रेन हादसा, 50 यात्रियों की मौत, 350 घायल
जानकारी के मुताबिक कोरोमंडल एक्सप्रेस ओडिशा के बालासोर के पास पटरी से उतर गई। हादसे में 50 यात्रियों की मौत हो गई जबकि 350 घायल हो गए

बालासोर। ओडिशा के बालासोर में कोरोमंडल एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। जानकारी के मुताबिक चेन्नई से हावड़ा जा रही यह ट्रेन पटरी से उतर गई। हादसे में 50 यात्रियों की मौत हो गई जबकि 350 यात्रियों के घायल होने की खबर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने रेल मंत्री से बात कर हालात की जानकारी ली है। हादसे की जानकारी मिलते ही राहत और बचाव दल को घटनास्थल पर रवाना कर दिया गया। यह ट्रेन बालासोर के बाहानगा के पास पटरी से उतर गई।
ओडिशा के मुख्य सचिव प्रदीप जेनाने बताया कि घटनास्थल पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौजूद हैं। 600-700 रेस्क्यू फोर्स के जवान काम कर रहे हैं। रात भर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जाएगा। सभी अस्पताल सहयोग दे रहे हैं। हमारी तत्काल चिंता पीड़ितों को बचाने की है।
रेलवे ने इस हादसे के पीड़ितों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है। मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा जबकि घायलों को 2-2 लाख का मुआवजा दिया जाएगा। इस बीच रेल मंत्री अश्विन वैष्णव बालासोर के लिए रवाना हो गए हैं। इस हादसे के चलते गोवा-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस का कल का उद्घाटन कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है
हेल्पलाइन नंबर :
- हावड़ा : 033-2638227
- खड़गपुर : 8972073925, 9332392339
- बालासोर : 8249591559, 7978418322, 8585039521
- शालीमार : 9903370746
- संतरागाछी : 8109289460, 8340649469
राहत कार्यों के लिए घटनास्थाल पर एनडीआरफ की तीन यूनिट, आडिआरएफ की चार यूनिट और 60 एंबुलेंस रवाना किया गया। वहीं ओडिशा सरकार की ओर से 15 एंबुलेंस को घटनास्थल पर भेजा गया। बालसोर में इमरजेंसी कंट्रोल रूम का नंबर भी जारी कर दिया गया है। यह नंबर है-06782262286 । इस नंबर पर डायल कर पीड़ितों के बारे में जानकारी हासिल की जा सकती है।




