प्रधानमंत्री मोदी का चीन में हुआ ग्रैंड वेलकम, शी जिनपिंग से करेंगे मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना 2 दिवसीय जापान दौरा संपन्न करने के बाद शनिवार को चीन पहुंच गए हैं। यहां वह एससीओ शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

बीजिंग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान के बाद शनिवार को चीन पहुंच गए। यहां वह त्येनजिन शहर में 31 अगस्त से 1 सितंबर तक होने वाले शंघाई सहयोग संघठन (एससीओ) के शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। इसके इतर वह चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति पुतिन के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे।
SCO के वार्षिक शिखर सम्मेलन में लेंगे भाग
चीन की अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान पीएम मोदी 31 अगस्त और 1 सितंबर को तियानजिन में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। पीएम मोदी जापान की अपनी दो दिवसीय यात्रा पूरी करने के बाद चीन पहुंचे हैं।
आज राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मिलेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 साल बाद चीन के दौरे पर पहुंचे हैं। आज त्येनजिन में राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात करेंगे। 40 मिनट की द्विपक्षीय बैठक में आपसी सहयोग को बेहतर बनाने के उपायों पर चर्चा होगी।
प्रधानमंत्री मोदी के लिए चीन ने बिछाया रेड कार्पेट
चीन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बीजिंग यात्रा को लेकर अत्यधिक उत्साहित है। इसका अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि चीन ने पीएम मोदी के सम्मान में रेड कार्पेट बिछाया और त्येनजिन पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया।
चीन पहुंचते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया पहला ट्वीट
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, “चीन के त्येनजिन पहुंच गया हूं। SCO शिखर सम्मेलन में विचार-विमर्श और विभिन्न विश्व नेताओं से मुलाकात को लेकर उत्सुक हूं।”
7 साल बाद पीएम मोदी पहुंचे चीन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब 7 साल बाद चीन पहुंचे हैं। साल 2020 में गलवान घाटी में चीनी सैनिकों और इंडियन आर्मी के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह पहला चीन दौरा है। वहीं रूसी तेल खरीदने पर भारत पर अमेरिका द्वारा 50 फीसदी का टैरिफ लगाए जाने के बाद यह पहला ऐसा मौका होगा, जहां चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक साथ मौजूद होंगे।




