Breaking NewsUttarakhand

Dehradun Crime: बहन के हाथ-पांव बांधकर मौत के घाट उतारा, बोरे में भरकर फेंका शव

Dehradun Crime News: सोमवार को बसंत विहार थाना क्षेत्र में चाय बागान के जंगलों में युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। जिसके बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में थी।

देहरादून। राजधानी देहरादून के बसंत विहार में 20 साल की युवती विशाखा की हत्या करके चाय बागान में शव फेंकने के मामले में पुलिस ने किरायेदार लोकेंद्र उर्फ राजा (26) को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। राजा से पूछताछ के बाद पुलिस ने खुलासा किया कि विशाखा की हत्या उसके बड़े भाई विशाल ने की। नशे की हालत में विशाल ने विशाखा के हाथ पैर बांधकर बुरी तरह पीटा और मौत के घाट उतार दिया।

विशाखा उसकी नशे की लत का विरोध करती थी। इस वजह से उनके बीच विवाद रहता था। वारदात वाली रात विशाल उसे घर से निकलने से रोक रहा था। इसलिए नशे की हालत में उसे बांध दिया और मारा-पीटा। बाद में उसे मरा जानकर किरायेदार राजा के कमरे में पहुंचा। उसे साथ मिलाकर विशाखा के शव को बोरे में भरा और मोटरसाइकिल से चाय बागान ले जाकर झाड़ियों में फेंक दिया। उसके बाद अस्पताल में भर्ती मां को कॉल कर कहा कि विशाखा अब नहीं आएगी। उसके बाद खुद फरार हो गया। राजा को लगा कि उसकी करतूत का किसी को पता नहीं चलेगा लेकिन पुलिस एक सुराग से उस तक पहुंच गई।

सीसीटीवी फुटेज ने सुलझाई गुत्थी

शव 22 सितंबर की सुबह बसंत विहार के पीतांबरपुर मजार के पास जंगल में एक सफेद कट्टे में मिला था। शिनाख्त स्मिथनगर, प्रेमनगर की रहने वाली 20 वर्षीय विशाखा के तौर पर हुई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मृतका के परिजनों से पूछताछ की। यह बात सामने आई कि विशाखा और उसके बड़े भाई विशाल का विवाद रहता था। परिजनों ने भी विशाल पर हत्या का शक जताया। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने विशाखा के घर के पास लगे सीसीटीवी फुटेज चेक किए जिसमें 21-22 सितंबर की रात को दो युवक एक मोटरसाइकिल पर सफेद बोरा ले जाते दिखे। जांच में साफ हो गया कि ये विशाल और राजा हैं। पुलिस ने तुरंत राजा को हिरासत में लिया तब तक विशाल फरार हो चुका था। बिजनौर के जलालपुर में रहने वाले राजा से पूछताछ में घटनाक्रम का खुलासा हो गया।

Advertisements
Ad 27

कमरा खाली करने से डरा, जेल जाने से नहीं

विशाल के घर किराये पर रहने वाला राजा हत्या जैसे संगीन अपराध में क्यों भागीदार बना? इस सवाल पर बसंत विहार थाने के एसएसआई दुर्गेश कोठियाल ने बताया कि राजा ने शुरुआती पूछताछ में बताया कि 21 सितंबर की रात विशाल ने विशाखा के साथ मारपीट की तो वह सुलफा (एक प्रकार का नशा) के नशे में था। यह बात खुद विशाल ने उसे बताई। वह नशे का आदी भी था। देर रात करीब एक बजे विशाल उसके कमरे में बदहवास हालत में आया था। उससे कुछ काम होने की बात कहकर अपने कमरे में ले गया। वहां विशाखा फर्श पर मृत अवस्था में पड़ी थी। उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे।

विशाल ने राजा को बताया कि उसने मारपीट कर उसकी हत्या कर दी है। अब शव को ठिकाने लगाना है। राजा ने विशाल को कोसा कि यह उसने क्या किया तो विशाल ने उसे दोस्ती का वास्ता दिया और धमकाया कि अगर साथ नहीं देगा तो सुबह कमरा खाली करवा देगा। इसके बाद दोनों ने मिलकर शव को एक सफेद बोरे में डाला और विशाल की मोटरसाइकिल से चाय बागान के जंगल में फेंक दिया। एसएसआई ने कहा कि यह आरोपी का शुरुआती बयान है। इस पर आगे की जांच जारी है। हो सकता है कि कुछ और वजह भी सामने आए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button