Weather Update: देश के कई राज्यों में लू के बीच आंधी-बारिश का अलर्ट, पढ़ें मौसम अपडेट्स
Today's Weather: मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस बीच, मौसम विभाग ने देश के ज्यादातर राज्यों के लिए आंधी, तूफान और बारिश की चेतावनी जारी की है।

Today’s Weather: भीषण गर्मी के बीच मॉनसून दस्तक देने वाला है। मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में मौसम विभाग ने देश के ज्यादातर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंधी, तूफान और बारिश की चेतावनी जारी की है। इनमें जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, कर्नाटक, केरल, गोवा और तेलंगाना है। इसके अलावा, आज केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
दिल्ली में गर्मी के बीच राहत की उम्मीद
दिल्ली में आज यानी 24 मई को आसमान साफ रहेगा, लेकिन कुछ इलाकों में लू चलेगी। राहत की बात यह है कि 25 मई को दिल्ली में आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम?
यूपी के दोनों हिस्सों (पूर्वी और पश्चिमी) में 29 मई तक लू चलने का अलर्ट है। लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, आगरा, और वाराणसी जैसे शहरों में पारा 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। हालांकि, पश्चिमी यूपी के जिलों जैसे मेरठ, शामली, बुलंदशहर और सहारनपुर में तेज हवाओं के साथ आंधी-बारिश की भी संभावना है।
बिहार में आंधी और उमस भरी गर्मी
बिहार के पटना, गया, मुजफ्फरपुर और भागलपुर समेत कई जिलों में मौसम मिला-जुला रहेगा। आज तेज आंधी चलने के आसार हैं, जबकि 25 और 26 मई को भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद 28 और 29 मई को भी बारिश की संभावना जताई गई है।
पंजाब में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप
पंजाब के अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, और चंडीगढ़ में फिलहाल भीषण गर्मी से राहत नहीं है। 29 मई तक लू का अलर्ट जारी रहेगा। हालांकि, 28 और 29 मई को तेज हवाओं के साथ बारिश होने से मौसम थोड़ा बदल सकता है।
पहाड़ी राज्यों का हाल
- हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली और धर्मशाला में 29 मई तक गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। कुछ जगहों पर ओले गिरने की भी आशंका है।
- उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल और हरिद्वार में मौसम करवट ले रहा है। यहां 25 मई को तेज हवाओं के साथ बारिश और ओले गिरने की संभावना है।
- जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, जम्मू और पहलगाम में 24 और 25 मई को गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
झारखंड में आंधी और झमाझम बारिश का अलर्ट
झारखंड के रांची, जमशेदपुर और धनबाद में आज और कल (24-25 मई) तेज आंधी चलने की आशंका है। इसके बाद, 26 से 29 मई के बीच राज्य के कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।




