जनसेवी डॉ. अभिनव कपूर ने डेंगू के बढ़ते खतरे को लेकर जताई चिंता
डॉ. अभिनव कपूर ने कहा कि डेंगू से बचाव का सबसे असरदार तरीका मच्छरों को पनपने से रोकना और उनके काटने से बचना है। इसके लिए अपने घर व आसपास पानी जमा न होने दें, पूरी बाजू के कपड़े पहनें, और मच्छरों को दूर रखने वाले उत्पाद जैसे DEET क्रीम का उपयोग करें।

देहरादून। प्रसिद्ध जनसेवी, विख्यात शिक्षक, ज्ञान कलश सोशल वेलफेयर एंड एजुकेशनल सोसाइटी के अध्यक्ष एवं शिक्षा रत्न की उपाधि से सम्मानित डॉ. अभिनव कपूर ने उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में डेंगू के बढ़ते खतरे को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने सभी लोगों से डेंगू को लेकर एहतियात बरतने की अपील की।
जनसेवी डॉ. अभिनव कपूर ने कहा- देहरादून में मानसून से पहले ही डेंगू का खतरा बढ़ने लगा है, इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग तथा नगर निगम पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गए हैं। एहतियात के तौर पर अस्पतालों में 200 बेड आरक्षित किए गए हैं, फॉगिंग और लार्वा रोधी दवाओं का छिड़काव युद्ध स्तर पर शुरू हो गया है।
डॉ. अभिनव कपूर ने कहा- डेंगू के बढ़ते खतरे को देखते हुए और डेंगू एवं मलेरिया को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को इस संबंध में एडवाइजरी जारी की गई है। प्रशासन द्वारा रिस्पना और बिंदल नदी क्षेत्रों सहित सभी छोटे-बड़े नालों की सफाई के निर्देश दिए गए हैं। व्यावसायिक परिसरों या सार्वजनिक स्थानों पर जलभराव या लार्वा पाए जाने पर भारी जुर्माने का प्रावधान है।
डॉ. अभिनव कपूर ने कहा कि डेंगू से बचाव का सबसे असरदार तरीका मच्छरों को पनपने से रोकना और उनके काटने से बचना है। इसके लिए अपने घर व आसपास पानी जमा न होने दें, पूरी बाजू के कपड़े पहनें, और मच्छरों को दूर रखने वाले उत्पाद जैसे DEET क्रीम का उपयोग करें।
उन्होंने सभी लोगों से अपील करते हुए कहा कि कूलर, गमलों, बाल्टी, और टूटे-फूटे बर्तनों में ज्यादा दिन तक पानी न ठहरने दें। घर के आसपास पानी की निकासी व्यवस्था सही रखें और कूड़ेदान को हमेशा ढक्कन से बंद रखें। घर की पानी की टंकियों और होदियों को हमेशा कसकर ढक्कन से बंद करके रखें। इन उपायों को आजमाकर काफी हद तक डेंगू से बचाव किया जा सकता है।




