RR vs RCB मैच में इन 3 प्लेयर्स बैटल पर रहेंगी सभी की नजरें
RR vs RCB 3 Players Battle: राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच आईपीएल 2026 का 16वां मैच खेला जाएगा। इस मैच के दौरान यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, वैभव सूर्यवंशी जैसे प्लेयर्स पर सभी की नजरें रहेंगी।

RR vs RCB 3 Players Battle: IPL 2026 का 16वां मैच राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। आईपीएल के जारी सीजन में दोनों ही टीमें इस वक्त शानदार फॉर्म में चल रही हैं। राजस्थान रॉयल्स ने इस सीजन अब तक तीन मैच खेले हैं और तीनों ही में उन्हें जीत मिली है। वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की बात करें तो उन्होंने भी अभी तक दो मैच खेले हैं और वहां उन्हें जीत मिली है। ऐसे में फैंस को उम्मीद है कि गुवाहाटी में उन्हें एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा। इस बीच हम आपको उन 3 प्लेयर्स बैटल के बारे में बताने जा रहे हैं, जिस पर सभी की नजरें रहने वाली हैं।
विराट कोहली vs संदीप शर्मा
विराट कोहली ने आईपीएल में अब तक बल्लेबाजी के कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं, लेकिन इस टूर्नामेंट में उन्हें कुछ गेंदबाजों ने परेशान भी किया है, जिसमें से एक संदीप शर्मा हैं। संदीप शर्मा के खिलाफ आईपीएल में विराट कोहली कई बार आउट भी हो चुके हैं। आईपीएल में विराट ने 18 पारियों में संदीप शर्मा का सामना किया है। इस दौरान कोहली ने उनके खिलाफ 150 की स्ट्राइक रेट से 132 रन बनाए हैं और 7 बार उनके खिलाफ आउट हो चुके हैं। संदीप के खिलाफ विराट का औसत 18.85 का रहा है।
देवदत्त पडिकक्ल vs रवींद्र जडेजा
एक और प्लेयर बैटल जिस पर सभी की नजरें रहेंगी वो है देवदत्त पडिकक्ल और रवींद्र जडेजा की। इस साल अब तक पडिकक्ल ने जारी टूर्नामेंट में अभी तक जबरदस्त बल्लेबाजी की है। आईपीएल में उन्होंने अब तक पांच पारियों में रवींद्र जडेजा का सामना किया है। इस दौरान पडिकक्ल ने 44 रन बनाए हैं और वह 1 बार आउट भी हो चुके हैं। इस मैच में भी पडिकक्ल जडेजा के खिलाफ अच्छी बल्लेबाजी करने की कोशिश करेंगे।
रवि बिश्नोई vs रजत पाटीदार
RCB के कप्तान रजत पाटीदार भी इस सीजन अभी तक शानदार लय में नजर आए हैं। उन्होंने अभी तक दोनों मैचों में तेज गति के साथ रन बनाए हैं और आईपीएल में उनका रिकॉर्ड रवि बिश्नोई के खिलाफ और भी अच्छा है। बिश्नोई ने भी इस आईपीएल सीजन में अभी तक जबरदस्त गेंदबाजी की है। इस गेंदबाज के खिलाफ पाटीदार ने 225 की स्ट्राइक रेट से 45 रन बनाए हैं और एक भी बार वह आउट नहीं हुए हैं। अब इस मैच में बिश्नोई के खिलाफ पाटीदार कैसी बल्लेबाजी करते हैं वो देखना दिलचस्प होगा।




