Breaking NewsNational

गंगा की धार में पलटी मजदूरों से भरी नाव, 18 सवारों में 6 लापता

भागलपुर के नवगछिया के राघोपुर में गंगा नदी पार कर रही मजदूरों से भरी नाव तेज धारा में पलट गई। नाव पर सवार 18 मजदूरों में से 12 सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि छह के लापता होने की आशंका है। SDRF और गोताखोरों की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है।

भागलपुर के नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत खरीक प्रखंड के राघोपुर इलाके में गंगा नदी में बड़ा नाव हादसा सामने आया है। मजदूरों को लेकर नदी पार कर रही नाव गंगा की तेज धारा के बीच अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। नाव पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते कई मजदूर गंगा की तेज धार में बहने लगे।

जानकारी के मुताबिक, नाव पर कुल 18 मजदूर सवार थे, जो मजदूरी के लिए नदी पार कर रहे थे। हादसे के बाद 12 मजदूर किसी तरह तैरकर सुरक्षित घाट तक पहुंचने में कामयाब रहे। वहीं, करीब छह मजदूरों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है।

प्रशासन और SDRF की टीम मोटरबोट के साथ मौके पर पहुंची

Advertisements
Ad 29

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और SDRF की टीम मोटरबोट के साथ मौके पर पहुंची। इसके बाद गोताखोरों की मदद से लापता मजदूरों की तलाश में सघन रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। स्थानीय ग्रामीण और गोताखोर भी बचाव अभियान में सहयोग कर रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नाव पलटने के दौरान कुछ मजदूरों के नाव के नीचे दबे होने की भी आशंका है। ऐसे में रेस्क्यू टीम नदी की तेज धारा के बीच नाव के आसपास भी लगातार तलाश कर रही है।

गंगा की तेज धारा में मची अफरा-तफरी

वहीं, हादसे का खौफनाक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें नाव पलटने के बाद गंगा की तेज धारा में मची अफरा-तफरी और लोगों को अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष करते देखा जा सकता है। फिलहाल प्रशासन की निगरानी में राहत और बचाव अभियान जारी है। सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि गंगा की तेज धार में लापता मजदूरों को SDRF की टीम कितनी जल्द सुरक्षित बाहर निकाल पाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button