बढ़ सकती है महंगाई, थोक और खुदरा कीमतों पर पड़ सकता है असर
वित्त मंत्रालय ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जुड़े जोखिमों की वजह से कच्चे तेल के इंपोर्ट बिल और समुद्री माल भाड़े में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

शादियों और त्योहारों के दौरान खाद्य और गैर-खाद्य चीजों की मांग बढ़ने से आने वाले महीनों में खुदरा महंगाई बढ़ सकती है। वित्त मंत्रालय की एक रिपोर्ट में शनिवार को ये अनुमान लगाया गया। मंत्रालय ने नवंबर की मासिक आर्थिक समीक्षा (MER) में कहा कि चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दिसंबर तिमाही में घरेलू आर्थिक गतिविधियों की गति बरकरार रहने की उम्मीद है। उच्च आवृत्ति वाले संकेतक वस्तुओं के परिवहन, टैक्स संग्रह, ऊर्जा खपत और माल ढुलाई में लगातार बढ़ोतरी का संकेत दे रहे हैं।
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जहाजों की आवाजाही पर जोखिम प्रमुख चुनौती
रिपोर्ट में कहा गया, ”पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जहाजों की आवाजाही पर जोखिम और वैश्विक व्यापार नीतियों को लेकर अनिश्चितता आर्थिक परिदृश्य के लिए प्रमुख चुनौती बने हुए हैं। हालांकि, मजबूत व्यापक आर्थिक आधार और पर्याप्त सुरक्षा उपायों के कारण भारतीय अर्थव्यवस्था इन चुनौतियों से निपटने की स्थिति में है।”
कच्चे तेल के इंपोर्ट बिल और समुद्री माल भाड़े में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना
वित्त मंत्रालय ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जुड़े जोखिमों की वजह से कच्चे तेल के इंपोर्ट बिल और समुद्री माल भाड़े में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। सप्लाई से जुड़े इन झटकों का असर आने वाले महीनों में थोक और खुदरा कीमतों पर देखने को मिल सकता है। हालांकि, नवंबर की शुरुआत में वैश्विक कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आने और मजबूत पूंजी प्रवाह के चलते रुपये में आई मजबूती से आयातित महंगाई के दबाव में कुछ राहत मिल सकती है, बशर्ते ये रुझान आगे भी कायम रहे।
अक्टूबर में 6.09 प्रतिशत रही थी खुदरा महंगाई दर
MER रिपोर्ट में कहा गया, ”नवंबर तक त्योहारों का सिलसिला जारी रहने और शादियों के सीजन की शुरुआत के साथ खाद्य एवं गैर-खाद्य चीजों की मांग बढ़ने से महंगाई आंकड़ों में तेजी का जोखिम रह सकता है।” बताते चलें कि अक्टूबर में खुदरा महंगाई दर 2 साल में पहली बार रिजर्व बैंक की निर्धारित 6 प्रतिशत की ऊपरी सीमा के पार निकल गई थी। खाद्य महंगाई में तेज बढ़ोतरी और प्रतिकूल आधार प्रभाव के कारण अक्टूबर में खुदरा महंगाई दर 6.09 प्रतिशत रही थी।
भारत के पास 10 महीने के आयात के बराबर विदेशी मुद्रा भंडार
रिपोर्ट के अनुसार, प्रतिकूल आधार प्रभाव का असर नवंबर के महंगाई आंकड़ों में भी देखने को मिल सकता है। इसमें कहा गया है, ”आधार प्रभाव बने रहने और मौसम संबंधी अनिश्चितताओं, खासकर मजबूत अल नीनो की संभावना के कारण निकट भविष्य में महंगाई पर दबाव बढ़ सकता है।” बताते चलें कि देश का विदेशी मुद्रा भंडार 13 नवंबर, 2026 तक 705.3 अरब डॉलर था, जो करीब 10 महीने के आयात के बराबर है।




