Breaking NewsSports

मुंबई इंडियंस के प्रदर्शन पर खुलकर बोले रोहित शर्मा, कही ये बड़ी बात

रोहित शर्मा के फिर से मुंबई इंडियंस का कप्तान बनने के उनका बयान सामने आया है जिसमें हिटमैन ने टीम के खराब प्रदर्शन को लेकर जहां खुलकर बात की तो वहीं उन्होंने फिर से कप्तानी संभालने का फैसला कैसे लिया इसका भी खुलासा किया।

इंडियन प्रीमियर लीग के 20वें सीजन में रोहित शर्मा बतौर कप्तान खेलते हुए नजर आने वाले हैं, जिसमें फ्रेंचाइजी की तरफ से 27 नवंबर को फिर से उन्हें कप्तानी सौंपी जाने का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया। रोहित शर्मा ने साल 2023 के आईपीएल सीजन तक मुंबई इंडियंस की कप्तानी को संभाला था, जिसके बाद पिछले तीन सीजन से हार्दिक पांड्या इस जिम्मेदारी को संभाल रहे थे लेकिन टीम का प्रदर्शन काफी निम्न स्तर का देखने को मिला। ऐसे में फ्रेंचाइजी ने बड़ा फैसला लेते हुए जहां ट्रेड विंडो के जरिए हार्दिक को पंजाब किंग्स को सौंप दिया तो वहीं अर्शदीप सिंह को अपना हिस्सा बना लिया। अब उन्होंने नए कप्तान के रूप में एकबार फिर से रोहित शर्मा पर अपना भरोसा जताया है। वहीं फ्रेंचाइजी की तरफ से रोहित का एक बयान भी सामने आया है जिसमें उन्होंने कप्तानी की जिम्मेदारी को फिर से लेने और टीम के खराब प्रदर्शन को लेकर खुलकर बात की है।

मुझे एहसास हुआ कि यह वही टीम है जिसे मैंने ही बनाया था

रोहित शर्मा ने MI TV पर टीम के मालिक आकाश अंबानी के साथ हुई बातचीत के बारे में कहा कि शुरुआत में मेरा यही सोचना था कि मैं अभी इसके लिए तैयार नहीं हूं। मुझे वापस जाकर इस बारे में सोचना पड़ा, क्योंकि बहुत कुछ हो चुका था। मैं यह नहीं कह रहा कि इस टीम को एक लीडर के तौर पर मेरी जरूरत है, लेकिन अभी इस टीम को एक दिशा की जरूरत है और अगर वह दिशा मैं हूं, तो मुझे इस टीम को आगे ले जाने में बहुत खुशी होगी। मैं घर गया और इस बारे में सोचा जिसमें मैंने समझा कि मैं क्या कर सकता हूं और क्या नहीं। क्या मैं फिर से इस टीम की कप्तानी कर सकता हूं या नहीं। इन सभी बातों पर मैंने विचार किया। लेकिन फिर, कई चीजों के बारे में सोचने के बाद, मुझे एहसास हुआ कि यह वही टीम है जिसे मैंने ही बनाया था। 10 सालों तक मैंने इस टीम की कप्तानी की है। मुझे लगा कि अब समय आ गया है कि मैं उस चुनौती को फिर से स्वीकार करूं।

हमें वापस उसी स्तर पर पहुंचना होगा

Advertisements
Ad 29

मुंबई इंडियंस की गिनती आईपीएल इतिहास की सफल फ्रेंचाइजियों में की जाती है, लेकिन पिछले तीन सीजन में टीम का प्रदर्शन काफी निराशाजनक देखने को मिला है। इसको लेकर रोहित शर्मा ने कहा कि हमारा सीजन बहुत निराशाजनक रहा। सिर्फ मैं ही नहीं, बल्कि कई अन्य खिलाड़ी भी हमारे खेल के तरीके से काफी निराश थे। अगर आप अच्छा नहीं खेल रहे हैं या आपकी टीम अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रही है, तो आपको निराशा होती है। हर कोई इसी दौर से गुजर रहा था और यह सभी के लिए एक बहुत मुश्किल समय था। जब मैं घर गया, तो मैंने इस बारे में सोचा। यह वह टीम नहीं रही जो कभी हुआ करती थी। हमें वापस उसी स्तर पर पहुंचना होगा। हम ऐसा कैसे कर सकते हैं? निराशा क्वालिफिकेशन को लेकर नहीं थी। निराशा इस बात की थी कि हम अच्छा नहीं खेल रहे थे। खिलाड़ियों को जो जिम्मेदारियां दी गई थीं, वह उन्हें ठीक से नहीं निभा पा रहे थे।

पोलार्ड को अच्छी तरह पता है कि टीम में क्या चल रहा है

कायरन पोलार्ड जो एक समय रोहित शर्मा की कप्तानी में खेल चुके हैं वह आगामी सीजन से मुंबई इंडियंस के लिए हेड कोच की पोजीशन को संभालते हुए दिखेंगे। इसको लेकर भी रोहित शर्मा ने कहा कि इसमें कोई शक नहीं कि पोलार्ड मुंबई इंडियंस के एक दिग्गज खिलाड़ी रहे हैं। इतने सालों तक उन्होंने आगे बढ़कर टीम को सबसे मुश्किल हालात से बाहर निकाला है। पिछले कुछ सालों से वह बैटिंग कोच के तौर पर कोचिंग स्टाफ में अपनी भूमिका निभा रहे हैं, इसलिए उन्हें अच्छी तरह पता है कि टीम में क्या चल रहा है। वह इस टीम की अहमियत, इसके कल्चर और MI के लिए खेलने के मायने को बखूबी समझते हैं। जब मैं कप्तानी कर रहा था, तब वह उप-कप्तान थे। मैं अक्सर उनसे सलाह लेता था, इसलिए हमने कई बार ऐसी चीजों पर चर्चा की है। अब मैं उन्हें सिर्फ एक हेड कोच या किसी खास पद पर बैठे व्यक्ति के रूप में नहीं, बल्कि एक दोस्त के तौर पर देखूंगा क्योंकि खेल की उनकी समझ बहुत अच्छी है। उन्हें पता होता है कि उस समय क्या करने की जरूरत है। मुझे लगता है कि हमारी सोच काफी हद तक एक जैसी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button