WTC में न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने टॉम लैथम
क्राइस्टचर्च टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड टीम के कप्तान टॉम लैथम पहली पारी में बल्ले से 59 रन बनाने में कामयाब रहे जिसके दम पर अब वह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में कीवी टीम की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

Cricket News : न्यूजीलैंड टीम के कप्तान टॉम लैथम के लिए भारतीय टीम के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला किसी बुरे सपने से कम नहीं था जिसमें वह दोनों पारियों में अपना खाता भी खोलने में कामयाब नहीं हो सके थे। ऐसे में क्राइस्टचर्च टेस्ट मैच को लेकर लैथम पर काफी दबाव भी था, जिसमें उनके बल्ले से अर्धशतकीय पारी देखने को मिली है। लैथम ने न्यूजीलैंड की पहली पारी में कुल 59 रन बनाए जिसमें उनको पहले दिन के दूसरे सेशन में आकाश दीप ने पवेलियन का रास्ता दिखाया। टॉम लैथम अपनी इस पारी के दम पर एक बड़ा कारनामा भी करने में कामयाब हो गए जिसमें वह अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास न्यूजीलैंड की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
लैथम ने 86वीं पारी में हासिल की उपलब्धि
केन विलियमसन जिनकी गिनती वर्ल्ड क्रिकेट के बेहतरीन बल्लेबाजों में की जाती है, उनका लंबे समय तक न्यूजीलैंड टीम के बैटिंग ऑर्डर में दबदबा देखने को मिला है। विलियमसन ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में कुल 32 टेस्ट मैच खेलते हुए 58 पारियों में 58.17 के औसत से कुल 3025 रन बनाए थे। वहीं अब टॉम लैथम ने उनको पीछे छोड़ने के साथ नंबर-1 की कुर्सी पर कब्जा कर लिया है, जिसमें लैथम ने 47 टेस्ट में 86 पारियों में 36.16 के औसत से अब तक 3038 रन बना चुके हैं। लैथम न्यूजीलैंड की तरफ से वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में सिर्फ दूसरे ऐसे खिलाड़ी हैं जो 3000 या उससे अधिक रन बनाने में कामयाब हो सके हैं।
WTC इतिहास में न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी
- टॉम लैथम – 3038 रन
- केन विलियमसन – 3025 रन
- डेरिल मिचेल – 2184* रन
- डीवोन कॉन्वे – 2166 रन
- टॉम ब्लंडल – 1885* रन
मैकुलम से इस मामले में आगे निकले टॉम लैथम
टॉम लैथम क्राइस्टचर्च टेस्ट मैच में एक और बड़ा कारनामा अपनी 59 रनों की पारी के दौरान करने में कामयाब रहे जिसमें अब वह न्यूजीलैंड की तरफ से टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में ब्रैंडन मैकुलम से आगे निकल गए हैं चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं। मैकुलम ने टेस्ट में जहां 6453 रन बनाए थे, तो वहीं लैथम अब तक 6509 रन बना चुके हैं, जिसमें वह अब सिर्फ केन विलियमसन, रॉस टेलर और स्टीफन फ्लेमिंग से इस लिस्ट में पीछे हैं।




