साउथ अफ्रीका को लगा बड़ा झटका, गेराल्ड कोएट्जी और मफाका हुए बाहर
बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू ODI और T20I सीरीज से पहले साउथ अफ्रीका को गेराल्ड कोएट्जी और क्वेना मफाका के रूप में दो बड़े झटके लगे हैं। दोनों तेज गेंदबाज चोट के कारण बाहर हो गए हैं।

Cricket News: बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू मैदान पर होने वाली ODI और T20I सीरीज से पहले साउथ अफ्रीका की टीम को दो बड़े झटके लगे हैं। तेज गेंदबाज गेराल्ड कोएट्जी और युवा पेसर क्वेना मफाका चोट के कारण आगामी व्हाइट बॉल सीरीज से बाहर हो गए हैं। दोनों खिलाड़ियों के बाहर होने के बाद साउथ अफ्रीका ने अपनी टीम में बदलाव किए हैं। इसके तहत कुछ नए चेहरों को पहली बार नेशनल टीम में जगह मिली है।
कोएट्जी को लायंस की ओर से सीएसए फोर-डे सीरीज डिवीजन-1 में नॉर्थ वेस्ट के खिलाफ खेलते हुए एडडक्टर मांसपेशियों में चोट लगी। यह मुकाबला 22 नवंबर को पोटचेफस्ट्रूम में समाप्त हुआ था। कोएट्जी को इस सीरीज के ODI और T20I दोनों फॉर्मेट के लिए साउथ अफ्रीकी टीम में चुना गया था। उन्होंने मैच की पहली पारी में 47 गेंदों पर 57 रन बनाए और गेंदबाजी में भी दो विकेट हासिल किए। उन्होंने 15 ओवर में सिर्फ 18 रन दिए थे। हालांकि, चोट के कारण वह दूसरी पारी में गेंदबाजी नहीं कर सके।
क्वेना मफाका T20I टीम से बाहर
वहीं, क्वेना मफाका की परेशानी भी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। वह दाएं पैर की हैमस्ट्रिंग चोट से उबर रहे थे, लेकिन ट्रेनिंग के दौरान उनकी रिकवरी में एक बार फिर रुकावट आ गई। क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि एहतियात के तौर पर उन्हें T20I टीम से बाहर कर दिया गया है। मफाका को इंग्लैंड लायंस के खिलाफ एक दिसंबर से शुरू होने वाली ODI सीरीज के लिए साउथ अफ्रीका A टीम में भी शामिल किया गया था, लेकिन अब वह वहां भी नहीं खेलेंगे।
इन खिलाड़ियों को मिला मौका
कोएट्जी और मफाका की गैरमौजूदगी में साउथ अफ्रीका ने नए खिलाड़ियों को मौका दिया है। अनकैप्ड तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर तियान वान वुरेन को पहली बार ODI टीम में शामिल किया गया है। नाइट्स की ओर से खेलने वाले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज वान वुरेन ने 26 लिस्ट-A मुकाबलों में 25.57 की औसत से रन बनाए हैं।
T20I टीम में भी दो बदलाव किए गए हैं। 18 साल के बल्लेबाज जेजे बैसन को पहली बार नेशनल टीम में जगह मिली है। वह लायंस की ओर से खेलते हैं और बाएं हाथ से मध्यम गति की गेंदबाजी भी करते हैं। बैसन ने अब तक सिर्फ छह T20 मुकाबले खेले हैं, जिनमें उनके नाम पांच विकेट हैं। उनके अलावा इथन बॉश को भी T20I टीम में शामिल किया गया है। बॉश पहले साउथ अफ्रीका के लिए तीन ODI और चार T20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुके हैं। उन्होंने अपना पिछला T20 इंटरनेशनल मैच इसी साल सितंबर में खेला था।
बांग्लादेश के खिलाफ ODI सीरीज के लिए साउथ अफ्रीका की अपडेटेड टीम: केशव महाराज (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, कॉर्बिन बॉश, तियान वान वुरेन, क्विंटन डी कॉक, टोनी डी जोर्जी, ब्योर्न फोर्टुइन, जॉर्डन हरमन, डुआन जानसन, नकोबानी मोकोएना, लुआन-ड्रे प्रीटोरियस, एनरिक नॉर्टजे, लुंगी एनगिडी, सिनेथेम्बा केशिले, ट्रिस्टन स्टब्स।
बांग्लादेश के खिलाफ T20I सीरीज के लिए साउथ अफ्रीका की अपडेटेड टीम: ब्योर्न फोर्टुइन (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, ईथन बॉश, कॉनर एस्टरहुइजन, डोनोवन फरेरा, जॉर्डन हरमन, डुआन जानसन, जे जे बेसन, नकोबानी मोकोएना, नकाबा पीटर, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, सिनेथेम्बा केशिले, ट्रिस्टन स्टब्स और प्रेनेलन सुब्रायेन।




