मनी लॉन्ड्रिंग केस में ताबड़तोड़ छापेमारी, तंबाकू-गुटखा के अवैध कारोबार मामले पर एक्शन
ईडी ने नॉर्थ-ईस्ट के 2 राज्यों में 1851 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ताबड़तोड़ छापेमारी की है। एजेंसी ने असम और मेघालय में 6 ठिकानों पर कार्रवाई की है। जानें ये पूरा मामला क्या है।

गुवाहाटी। ईडी ने गुटखा, पान मसाला और जर्दा के अवैध व्यापार से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में असम और मेघालय के 6 ठिकानों पर रेड की है। यह जांच एक कारोबारी, उनके परिवार के सदस्यों और सहयोगियों से जुड़े मामले में की जा रही है। ईडी के अनुसार, गुवाहाटी जोनल ऑफिस-I ने पीएमएलए, 2002 के तहत गुवाहाटी, असम के कामरूप जिले के पलासबाड़ी और मेघालय की राजधानी शिलांग में सर्च ऑपरेशन चलाया।
यह पड़ताल असम पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स की तरफ से दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू की गई थी। एफआईआर में कारोबारी और अन्य लोगों पर मामला दर्ज किया गया था। एफआईआर के मुताबिक, दिल्ली से गुवाहाटी तक बड़ी मात्रा में गुटखा, जर्दा और पान मसाला ट्रेन के माध्यम से भेजा गया था। आरोप है कि सामान को टेक्सटाइल बताकर फर्जी दस्तावेज के सहारे ट्रांसपोर्ट किया गया। इस केस में कामरूप जिले के अजारा रेलवे स्टेशन पर रेलवे के 2 वैगनों से 341 पैकेट जब्त किए गए थे।
अवैध कारोबार से कमा डाले 1851 करोड़ रुपये
ईडी की पड़ताल में सामने आया है कि इस कथित व्यापार से बड़ी मात्रा में कैश की कमाई हुई। एजेंसी के मुताबिक, फाइनेंशियल ईयर 2014-15 से 2025-26 के बीच कारोबारी के परिवार से जुड़े परिवारजनों और कंपनियों के बैंक खातों में करीब 1,851 करोड़ रुपये जमा किए गए। जांच एजेंसी ने ये भी पाया कि कारोबारी की कंपनियों से होने वाली लगभग 15 से 20 फीसदी खरीदारी बिना बिल के की जाती थी और उसका पेमेंट कैश में होता था। यह लेन-देन आधिकारिक खातों में दर्ज नहीं किया जाता था।
बिना लाइसेंस के चलाई जा रही थी तंबाकू-जर्दा की निर्माण ईकाई
ईडी के मुताबिक, साल 2023 में रेलवे रूट के माध्यम से माल भेजे जाने का केस सामने आने के बाद मई, 2024 में पलासबाड़ी में पान मसाला और जर्दा बनाने वाली दो यूनिट्स शुरू की गईं। इन यूनिट्स को नाममात्र के साझेदारों के नाम पर स्थापित किया गया था। पड़ताल में पता चला कि इन दोनों यूनिट्स को 2 वर्षों के अंदर कारोबारी की कंपनियों से करीब 977 करोड़ रुपये मिले। ईडी ने यह भी दावा किया कि तंबाकू और जर्दा निर्माण इकाई बिना एफएसएसएआई लाइसेंस के ऑपरेट की जा रही थी।
अहम दस्तावेजों के साथ 42 लाख रुपये कैश भी बरामद
सर्च ऑपरेशन के दौरान, ED ने कई अहम दस्तावेज, डिजिटल डिवाइस, फाइनेंशियल रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर, मोबाइल फोन, प्रोडक्ट्स के सैंपल पाउच और करीब 42 लाख रुपये की बेहिसाबी कैश जब्त की है। एजेंसी ने कहा है कि केस की जांच अभी जारी है और आगे भी कार्रवाई की जा सकती है। इससे पहले, जुलाई महीने में ईडी ने TMC के 440 करोड़ रुपये के 3 बैंक खाते फ्रीज किए थे।




