मुख्यमंत्री धामी ने दिए उत्तराखंड की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तीसरे चरण को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 15 अक्तूबर के बाद स्वयं सड़क मार्ग से यात्रा कर गड्ढा मुक्त सड़कों की हकीकत देखेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश के कारण सड़कों पर हुए गड्ढों को जल्द भरा जाए।
सोमवार को सचिवालय में समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और सुधारीकरण के कार्यों में तेजी लाई जाए। जिलाधिकारी भी अपने-अपने जिलों में सड़कों की स्थिति की नियमित समीक्षा करें और संबंधित विभागों व कार्यदायी संस्थाओं के कार्यों की प्रभावी मॉनीटरिंग सुनिश्चित करें। सड़क निर्माण व मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
मुख्यमंत्री ने जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तीसरे चरण को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। जनसमस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाए। इन शिविरों का उद्देश्य शासन और प्रशासन को जनता के और निकट लाकर लोगों की समस्याओं का समाधान करना है।




