उत्तराखंड में हो रही अतिवृष्टि को लेकर पार्षद वंशिका सोनकर ने व्यक्त की चिंता
पार्षद वंशिका सोनकर ने कहा कि उनके क्षेत्र, वार्ड संख्या 18 इंदिरा कॉलोनी से होकर बहने वाली बिंदाल नदी बरसात के दिनों में उफान पर आ जाती है जिससे बाढ़ का खतरा बना रहता है। बिंदाल नदी का पानी अक्सर लोगों के घरों भीतर भी आ जाता है। इस वक्त भी लगभग वैसी ही स्थिति बनी हुई है।

देहरादून। युवा भाजपा नेत्री, प्रसिद्ध समाजसेवी एवं वार्ड संख्या 18 इंदिरा कॉलोनी की नगर निगम पार्षद वंशिका सोनकर ने जनपद देहरादून समेत पूरे उत्तराखंड में हो रही अतिवृष्टि को लेकर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने नदी-नालों के किनारे बसे और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से बेहद एहतियात बरतने की अपील की।
जनसेवी वंशिका सोनकर ने कहा, भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 20 जुलाई को रेड अलर्ट और 21 जुलाई को फिर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस अवधि में कई स्थानों पर भारी से अत्यंत भारी बारिश, जलभराव, भूस्खलन और नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि की आशंका जताई गई है। ऐसे में भूस्खलन और जलभराव की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों पर बसे लोगों को बेहद सावधान रहने की आवश्यकता है।
पार्षद वंशिका सोनकर ने सभी लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अनावश्यक रूप से नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचें तथा खराब मौसम के दौरान जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। जिससे किसी भी संभावित आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्य प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सके।
पार्षद वंशिका सोनकर ने कहा कि उनके क्षेत्र, वार्ड संख्या 18 इंदिरा कॉलोनी से होकर बहने वाली बिंदाल नदी बरसात के दिनों में उफान पर आ जाती है जिससे बाढ़ का खतरा बना रहता है। बिंदाल नदी का पानी अक्सर लोगों के घरों भीतर भी आ जाता है। इस वक्त भी लगभग वैसी ही स्थिति बनी हुई है, ऐसे में नदी किनारे बसे सभी लोगों को बेहद सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि सावधान रहें व सतर्क रहें, सावधानी से ही बचाव संभव है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में वार्ड की जनता सहायता हेतु उनसे तत्काल संपर्क कर सकती है।




