देहरादून में 48 घंटे के भीतर ठंड में ठिठुरकर 4 लोगों ने तोड़ा दम

देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड समेत इन दिनों पूरे उत्तर भारत में जानलेवा ठंड का प्रकोप जारी है। हाड़ कंपाने वाली ठंड में महज़ 48 घंटों के भीतर जनपद देहरादून में चार लोगों की सर्दी ने जान ले ली। फ़िलहाल कड़ाके की ठंड का ये सितम कम होने वाला नहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह सिटी कंट्रोल रूम द्वारा थाना राजपुर पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति ढाक पट्टी बाजार में डाक खाने के पास मृत अवस्था में पड़ा है। इस सूचना पर तत्काल राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मौके पर जांच के दौरान पाया की वह व्यक्ति बुझी आग के पास लेटा हुआ था। आसपास के लोगों ने पूछताछ के दौरान बताया कि जैसे ही उक्त व्यक्ति उठकर चलने लगा। धड़ाम से जमीन पर गिर गया और उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मृत्यु ठंड के कारण हुई प्रतीत होता है। व्यक्ति का नाम रामू बताया जा रहा है जो कूड़ा बीनने का काम करता था। पुलिस उसके बारे में और जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल शव को दूनचिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया है।
आपको बता दें कि इससे पूर्व शनिवार को रायवाला में ठंड के कारण तीन लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस को अलग-अलग जगहों से तीन शव बरामद हुए। इसमें से एक शव की शिनाख्त हो सकी जबकि दो अन्य अज्ञात हैं।
पुलिस के अनुसार तीनों की मौत ठंड लगने से हुई है। रायवाला थानाध्यक्ष अमरजीत सिंह रावत ने बताया कि शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर तीन शव मिलने की सूचना मिली थी। सुबह के समय सत्यनारायण मंदिर के पास हाइवे किनारे से एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ है। उसकी उम्र लगभग 45 वर्ष है।
इसके अलावा हाइवे किनारे एक 70 वर्षीय बुजुर्ग का शव बरामद हुआ। मृतक के पास मिले पहचान पत्र के आधार पर उसके परिजनों को सूचना दी गई। इसके बाद बुजुर्ग के शव को उनके परिजन अपने साथ ले गए। बुजुर्ग की पहचान भरोसा नंद गौड़ पुत्र लुंगी राम गौड़ निवासी पटवारी बींत नाली खाल कोटद्वार के रूप में हुई है।
इसके अलावा शाम के समय चकजोगीवाला के पास बह रही सौंग नदी की दूसरी तरफ अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। जांच के दौरान युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है। युवक की उम्र लगभग 27 वर्ष है। उसकी शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है।