Breaking NewsEntertainment
राज कपूर की पत्नी कृष्णा का हुआ निधन

मुंबई। दिवंगत अभिनेता राज कपूर की पत्नी कृष्णा राज कपूर का सोमवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनकी उम्र 87 साल थी। उनके बेटे रणधीर कपूर ने बताया, “ सुबह पांच बजे मेरी मां का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उम्र भी इसमें एक बड़ा कारण रहा। उनके निधन से हम बेहद दुखी हैं।’
राज कपूर और कृष्णा मल्होत्रा की शादी 1946 में हुई थी। उनके पांच बच्चों में दो बेटियां रितु और रीमा हैं जबकि तीन बेटे रणधीर, ऋषि और राजीव हैं। रणधीर कपूर ने बताया कि अंतिम संस्कार चेंबुर शवदाह गृह में किया जाएगा।
कृष्णा राज कपूर को कई बार रणबीर कपूर के साथ देखा जाता है। वह उनके काफी करीब थे और दादी को अपना सबसे बड़ा समीक्षक मानते थे। वह लंबे समय तक उनके साथ उनके घर पर भी रहे थे। जाहिर है उनका निधन कपूर खानदान के लिए काफी मुश्किल की घड़ी है।
ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा कपूर ने इंस्टाग्राम के जरिए दादी कृष्णा कपूर की याद में एक बेहद खास तस्वीर शेयर की है। रिद्धिमा कपूर ने तस्वीर के साथ लिखा, मैं आपको प्यार करती हूं और हमेशा करती रहूंगी। ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे दादी।