‘तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा’ में शामिल हुईं राज्यमंत्री मैडम रजनी रावत
मैडम रजनी रावत ने कहा कि आज भारत किसी भी आतंकी चुनौती का मुँहतोड़ जवाब देने में सक्षम है।

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में बुधवार को शौर्य स्थल चीड़बाग से गांधी पार्क तक भव्य “तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा” का आयोजन किया गया। यह यात्रा हाल ही में भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा सफलतापूर्वक चलाए गए “ऑपरेशन सिंदूर” की ऐतिहासिक विजय को समर्पित रही। हजारों की संख्या में आमजन, पूर्व सैनिक, युवा वर्ग एवं मातृशक्ति ने तिरंगे के साथ पद यात्रा में भाग लिया।
वहीं समाज कल्याण योजनाएं अनुश्रवण समिति की उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री मैडम रजनी रावत ने भी “तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा” में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मैडम रजनी रावत ने ऑपरेशन सिंदूर में भाग लेने वाले वीर सैनिकों, वायुसेना, नौसेना और सभी सुरक्षा बलों को नमन करते हुए कहा कि भारत ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि वह आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने में पूरी तरह सक्षम है।
मैडम रजनी रावत ने कहा कि आज भारत किसी भी आतंकी चुनौती का मुँहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। आज देश की सीमाओं की रक्षा अत्याधुनिक स्वदेशी तकनीक से की जा रही है। उन्होंने सभी युवाओं से आह्वान किया कि वे सेना और सुरक्षा बलों के अनुशासन, शौर्य और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा लेकर आगे बढ़ें।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अलावा सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक एवं विधायक खजान दास के साथ ही भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व स्थानीय लोग मौजूद रहे।