Breaking NewsUttarakhand

उत्तराखंड के चार नर्सिंग कालेजों पर पड़ा छापा, सामने आई गंभीर अनियमितताएं

शासन के निर्देश पर उत्तराखंड के चार नर्सिंग कॉलेजों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। देहरादून और हरिद्वार के इन कॉलेजों में फैकल्टी की कमी, छात्रों की फर्जी उपस्थिति, आधारभूत सुविधाओं का अभाव और संबद्ध अस्पतालों के संचालन में खामियां मिलीं।

देहरादून। शासन के निर्देश पर प्रदेश के नर्सिंग कालेजों में आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इसमें चार कालेजों में गंभीर अनियमितता सामने आई हैं। निरीक्षण समिति को फैकल्टी की कमी, छात्रों की कम उपस्थिति, मानकों के अनुरूप आधारभूत सुविधाओं का अभाव और संबद्ध चिकित्सालयों के संचालन समेत कई स्तर पर खामियां मिली हैं। शासन अब समिति की रिपोर्ट का परीक्षण कर रहा है। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित संस्थानों की मान्यता तक समाप्त की जा सकती है।

प्रदेश में नर्सिंग कालेजों के संचालन में अनियमितता की लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए शासन ने निरीक्षण समिति का गठन किया। इस समिति ने नौ व दस मार्च को देहरादून व हरिद्वार के कई नर्सिंग कालेजों का निरीक्षण किया। इस टीम को गुरुनानक नर्सिंग कालेज, सहसपुर, न्यू अनमोल कालेज आफ नर्सिंग ढालीपुर, विकासनगर, माडर्न ग्लोबल कालेज आफ नर्सिंग, हरिद्वार और तक्षशिला नर्सिंग कालेज, हरिद्वार के औचक निरीक्षण में कई अनियमितता मिलीं। जांच के दौरान पाया गया कि कई संस्थानों में निर्धारित मानकों के अनुरूप योग्य फैकल्टी उपलब्ध नहीं है, जबकि छात्रों की उपस्थिति रजिस्टर और वास्तविक उपस्थिति में भी अंतर पाया गया।

सबसे गंभीर स्थिति संबद्ध चिकित्सालयों को लेकर सामने आई, जहां कई कालेजों से जुड़े अस्पताल या तो संचालित नहीं पाए गए या फिर आवश्यक मानकों पर खरे नहीं उतरे। इसके अलावा प्रयोगशालाओं, उपकरणों और प्रशिक्षण सुविधाओं में भी भारी कमी पाई गईं। निरीक्षण समिति ने अपनी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शासन को सौंप दी है। सूत्रों की मानें तो रिपोर्ट के आधार पर संबंधित कालेजों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया जाएगा। सचिव स्वास्थ्य सचिन कुर्वे ने रिपोर्ट मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि अभी इसका अध्ययन किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button