Breaking NewsNational

दलित छात्रा की मौत पर बवाल, पुलिस ने उपद्रवियों पर किया लाठीचार्ज

दलित छात्रा के मर्डर को लेकर मेरठ में भारी बवाल देखने को मिला है। बुधवार को बाहर से आए उपद्रवियों ने प्रदर्शनकारियों को उकसाया जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर के उपद्रवियों को भगाया। इस दौरान मेरठ के SSP ने खुद एक उपद्रवी को थप्पड़ मारे हैं।

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में दलित छात्रा ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर भारी बवाल हुआ है। छात्रा को इंसाफ दिलाने के लिए हो रही महापंचायत में बाहर के उपद्रवी पहुंच गए। इन उपद्रवियों ने प्रदर्शनकारियों को उकसाने की कोशिश की। लेकिन पुलिस ने उपद्रवियों पर डंडे बरसाकर उनकी साजिश को नाकाम कर दिया। इस दौरान SSP अविनाश पांडेय खुद एक शख्स पर थप्पड़ बरसाते हुए नजर आए। पुलिस के मुताबिक मेरठ कलेक्ट्रे़ट के बाहर हुए प्रोटेस्ट को कुछ ऐसे उपद्रवियों ने उकसाया जो दूसरे जिले से मेरठ आए थे और उन पर पहले से ही कई केस दर्ज हैं। पुलिस ने इस मामले में 13 उपद्रवियों पर FIR दर्ज किया है जिनमें से 6 को गिरफ्तार किया जा चुका है। बाकी उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें छापेमारी कर रही हैं।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, ललिता गौतम की हत्या के आरोपियों को सजा दिलाने की मांग को लेकर कल महापंचायत का आयोजन हुआ था लेकिन भीड़ ने कलेक्ट्रेट के गेट को बंद कर दिया। वे गेट पर धरने पर बैठ गए और हंगामा करने लगे। प्रदर्शनकारी मेरठ के डीएम को बुलाने पर अड़े थे जिसके बाद एक्शन में आए मेरठ के एसएसपी ने खुद मोर्चा संभाला। उन्होंने माइक के जरिए प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटने की अपील की। उसके बाद भी भीड़ नहीं हटी तो पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया। मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडेय ने खुद उपद्रवियों को थप्पड़ मारे।

मेरठ SSP ने बरसाए थप्पड़

मेरठ में ललिता गौतम मर्डर केस को लेकर महापंचायत के ऐलान के बाद पुलिस अलर्ट मोड में थी, पुलिस के सीनियर अधिकारी मौजूद थे। मेरठ के SSP ने पहले तो प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, खुद माइक संभाला और कहा कि ये रोड किसी के पिता जी की नहीं है। इसके बावजूद जब प्रदर्शनकारी नहीं माने तो SSP अविनाश पांडेय ने खुद पुलिस वैन के अंदर जाकर गिरफ्तार प्रदर्शनकारी और खुद को वकील कहने वाले शख्स रवि गौतम पर थप्पड़ बरसा दिए।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

इस प्रदर्शन में ललिता गौतम के परिजन भी शामिल थे। प्रदर्शनकारी सबसे पहले कमिश्नरी चौराहे के पास पहुंचे और फिर नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट के गेट पर धरना देकर बैठ गए। इसके बाद पुलिस के सीनियर अधिकारियों ने मोर्चा संभाल  लिया और कहा कि यहां पर प्रदर्शन करना गैर कानूनी है। मेरठ में हुए इस बवाल के बाद पुलिस ने 13 उपद्रवियों पर FIR दर्ज की है। इनमें से 6 को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में बाहर से गए प्रदर्शनकारी रवि गौतम, दिग्विजय सिंह और रितिक भी शामिल है। पुलिस बाकी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाकर छापेमारी कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button