Weather Report: उत्तराखंड में बदला मौसम, गंगोत्री,यमुनोत्री और हर्षिल में हुई बर्फबारी
Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में आज भी मौसम बिगड़ा हुआ है। गंगोत्री यमुनोत्री में बर्फबारी जारी है। वहीं चमोली जिले में अगले 24 घंटे में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गई है।

देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदला है। उत्तरकाशी जनपद के गंगोत्री-यमुनोत्री हर्षिल में बर्फबारी का सिलसिला जारी है। वहीं निचले इलाकों में बारिश जारी है। हर्षिल घाटी में भी बर्फबारी के साथ तेज बर्फीली हवाएं चल रही हैं। बारिश बर्फबारी के चलते यमुनोत्री हाईवे पर फिलहाल आवाजाही सुचारू रूप से हो रही है।
उधर चमोली कर्णप्रयाग में फिर मौसम बदला है। सोमवार रात्रि यहां तेज बारिश हो रही। जबकि मंगलवार सुबह से काले बादल हुए हैं। दूसरी तरफ मसूरी शहर में कल देर रात से हो रही बारिश अब जाकर थमी। बारिश के बाद शहर में शीतलहर का प्रकोप बढा है। घने बादल और कोहरा छाया हुआ है।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून समेत उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। जबकि उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में तेज गर्जन का येलो अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले दिनों की बात करें तो पांच मार्च से प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने रहेगा। चटक धूप खिलने से तापमान में इजाफा देखने को मिलेगा।