टीम इंडिया को भयंकर नुकसान, अब कौन है आईसीसी की नंबर 1 टी20 टीम
टीम इंडिया न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के आखिरी दो मैच हार गई, इससे उसे आईसीसी टी20 रैंकिंग में भी नुकसान हुआ है। टीम टॉप के करीब पहुंच चुकी थी, लेकिन अब वो पीछे ही रह जाएगी।

ICC Rankings: भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज का शानदार आगाज किया था। टीम ने पहले तीन मैच जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली। इसके बाद उम्मीद की जा रही थी कि बाकी दो मैच जीतकर न्यूजीलैंड का सूपड़ा साफ किया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। न्यूजीलैंड ने बाकी दो मैच जीतकर ऐसा करने से रोक दिया। भारत ने सीरीज भले ही अपने नाम कर ली हो, लेकिन बैक टू बैक दो मैच हारकर उसे आईसीसी टी20 रैंकिंग में बड़ा नुकसान हुआ है। जो टीम टॉपर बनने के बेहद करीब थी, वो अब उससे काफी दूर हो गई है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले तीन मैच जीतकर भारत की रेटिंग 269 तक जा पहुंची थी
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को पहले तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों में हराने में कामयाबी हासिल की थी। इसके बाद आईसीसी टी20 रैंकिंग में उसकी रेटिंग 269 तक पहुंच गई थी। इंग्लैंड की रेटिंग 269 ही थी। यानी भारत और इंग्लैंड की रेटिंग बराबर हो गई थी, टीम इंडिया अगर एक और मैच जीत जाती तो वो पहले नंबर पर पहुंच जाती और इंग्लैंड की टीम दूसरे पायदान पर पहुंच जाती। लेकिन इससे पहले कि भारतीय टीम पहले नंबर पर पहुंच पाती, उसे हार का सामना करना पड़ा। एक नहीं, बल्कि दो बैक टू बैक मैचों में टीम इंडिया हार गई और उसकी रेटिंग घट गई।
अब दो मैच हारकर भारत की रेटिंग घटकर 267 की हो चुकी है
भारत की रेटिंग जो तीन टी20 मैचों के बाद 269 थी, वो अब घटकर 267 पर पहुंच गई है, यानी भारत और इंग्लैंड के बीच दो अंकों का अंतर आ गया है, जो कम नहीं होता। आईसीसी टी20 रैंकिंग में 260 की रेटिंग के साथ ऑस्ट्रेलियाई टीम तीसरे नंबर पर मौजूद है। बड़ी बात ये भी है कि टीम इंडिया अब जल्द कोई टी20 इंटरनेशनल मैच खेलेगी ही नहीं, ऐसे में उसके अब पहले नंबर पर पहुंचने की संभावना काफी कम है। भारतीय टीम अब सीधे दिसंबर के आखिर में श्रीलंका के खिलाफ तीन टी20 मैच खेलेगी, तभी पहले नंबर पर जाने की संभावना बनेगी।
अब न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज खेलेगी टीम इंडिया
इस बीच टीम इंडिया अब न्यूजीलैंड से पांच वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी, जिसका आगाज 4 नवंबर से होने जा रहा है। आईसीसी की वनडे रैंकिंग पर नजर डालें तो वहां टीम इंडिया पहले नंबर पर मौजूद है। उसकी रेटिंग 115 की है, वहीं न्यूजीलैंड की टीम यहां दूसरे नंबर पर है, उसकी रेटिंग 109 की है। यानी 4 नवंबर को दुनिया की दो टॉप की टीमें आमने सामने होंगी। उम्मीद है कि मुकाबला कड़ाकेदार होगा।




