गावस्कर ने BCCI से की अपील, कहा- खिलाड़ियों और फैंस दोनों को मिले एक महीने का ब्रेक
सुनील गावस्कर ने BCCI से खिलाड़ियों की फिटनेस को ध्यान में रखते हुए हर साल कम से कम एक महीने का अनिवार्य आराम देने की मांग की है।

भारत और अफगानिस्तान के बीच हाल ही में समाप्त हुई ODI सीरीज में टीम इंडिया ने भले ही 3-0 से क्लीन स्वीप किया हो, लेकिन इस सीरीज ने पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर को एक बड़े मुद्दे पर सोचने के लिए मजबूर कर दिया। क्रिकेटरों पर बढ़ते काम के बोझ और लगातार व्यस्त इंटरनेशनल कैलेंडर को देखते हुए गावस्कर ने BCCI से खिलाड़ियों के हित में अहम कदम उठाने की अपील की है। महान बल्लेबाज का मानना है कि भारतीय खिलाड़ियों को हर साल कम से कम एक महीने का अनिवार्य आराम मिलना चाहिए, ताकि उनकी फिटनेस और करियर दोनों लंबे समय तक सुरक्षित रह सकें।
अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की ODI सीरीज के बाद गावस्कर ने कहा कि BCCI हमेशा अफगानिस्तान, जिम्बाब्वे और श्रीलंका जैसे देशों की मदद करता रहा है, लेकिन अब समय आ गया है कि भारतीय खिलाड़ियों की सेहत और फिटनेस पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने अपने कॉलम में लिखा कि BCCI अफगानिस्तान, जिम्बाब्वे और श्रीलंका जैसे देशों के लिए बड़े भाई की तरह है और उसने हमेशा इन देशों के क्रिकेट को आगे बढ़ाने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए सहयोग किया है। हालांकि, हमारे क्रिकेटरों की सेहत और फिटनेस भी बेहद महत्वपूर्ण है और खिलाड़ियों को साल में एक महीने का आराम मिलना चाहिए। भारत प्रतिभा से भरपूर है, इसलिए खिलाड़ियों को रोटेट किया जा सकता है, लेकिन इससे इंडिया कैप की अहमियत कम हो रही है। कैप किसी ऐसे खिलाड़ी को नहीं दी जानी चाहिए जो केवल आराम कर रहे किसी अनिवार्य खिलाड़ी की जगह ले रहा हो। इसे कमाना पड़ता है।
‘भारत खेले तो सर्वश्रेष्ठ टीम ही मैदान में उतरे’
गावस्कर ने खिलाड़ियों को आराम देने की मौजूदा नीति पर भी सवाल उठाए। उनका मानना है कि जब भी भारत खेले, तब देश की सर्वश्रेष्ठ टीम मैदान पर उतरनी चाहिए। उन्होंने लिखा कि अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट में शुभमन गिल और केएल राहुल ने शतक लगाए और मानव सुथार ने प्रभावशाली डेब्यू किया। जसप्रीत बुमराह को आराम दिया गया, लेकिन क्या वह इस टीम के खिलाफ अपने करियर में 5 विकेट हॉल या 10 विकेट जोड़ना नहीं चाहते होंगे? जब भारत खेल रहा हो, तब सर्वश्रेष्ठ टीम को खेलना चाहिए। बेशक अगर चोट की समस्या न हो। लेकिन वर्कलोड के नाम पर आराम देने से जितना संभव हो बचना चाहिए। कैलेंडर पर नजर डालिए, भारत हर महीने कहीं न कहीं क्रिकेट खेल रहा है।
फैंस को भी मिले आराम
गावस्कर ने यह भी कहा कि यदि युवा खिलाड़ियों को मौका देना है तो उसके लिए इंडिया ए और अंडर-19 टीमों का मंच सबसे बेहतर है। उन्होंने BCCI से फैंस के बारे में भी सोचने की अपील की। उन्होंने लिखा कि हां, बिल्कुल A टीम और अंडर-19 मैच होने चाहिए ताकि युवा खिलाड़ियों को अवसर और अनुभव मिले, लेकिन कृपया हमारे शीर्ष खिलाड़ियों को बचाइए और सुनिश्चित कीजिए कि उन्हें टीम के रूप में, सिर्फ व्यक्तिगत रूप से नहीं, साल में कम से कम एक महीने का ब्रेक मिले। इसके आगे उन्होंने कहा कि इस साल का कार्यक्रम पहले ही तय हो चुका है और इसमें बदलाव संभव नहीं है, लेकिन अगर अगले साल IPL को जल्दी शुरू और खत्म करने की योजना है, तो कृपया भारतीय क्रिकेट के खिलाड़ियों के साथ-साथ फैंस को भी एक महीने का आराम दीजिए।




