Breaking NewsUttarakhand

पंतजलि आयुर्वेद कॉलेज के छात्रों ने बढ़ी हुई फीस वापस लेने को लेकर किया हंगामा

हरिद्वार। पंतजलि आयुर्वेद कॉलेज में बीएएमएस के छात्रों ने बढ़ी हुई फीस वापस लेने की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। आरोप है इस दौरान पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण से मिलने जा रहे बीएएमएस के छात्रों के साथ सुरक्षाकर्मियों ने मारपीट की।

छात्रों के मोबाइल से वीडियो को भी डिलीट  कर दिया।  गुस्साए छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ भी नारेबाजी की। पतंजलि आयुर्वेद में देर रात तक छात्रों का गतिरोध जारी रहा। सोमवार की शाम पंतजलि आयुर्वेद कॉलेज के छात्र बढ़ी हुई फीस वापस लेने के हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए पतंजलि योगपीठ पहुंचे।

छात्र आचार्य बालकृष्ण से मिलना चाहते थे, लेकिन आरोप है कि वहां पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने छात्रों को आचार्य बालकृष्ण से नहीं मिलने दिया। इस दौरान छात्र आचार्य से मिलने की मांग लेकर नारेबाजी और प्रदर्शन करने लगे। इस बीच छात्रों को आचार्य बालकृष्ण ने अपने कार्यालय में बुला लिया।

Advertisements
Ad 29
इस दौरान अधिकतर छात्रों के मोबाइल फोन बाहर ही जमा करा लिए गए। कुछ छात्र फोन छिपाकर ले जाने में सफल रहे। एक छात्र ने वीडियो भी बनानी शुरू कर दी। इसका आचार्य बालकृष्ण और सुरक्षाकर्मियों ने विरोध किया।
आरोप है कि वीडियो बना रहे छात्रों से मोबाइल छीनकर वीडियो को डिलीट कर दिया। जिसका छात्रों ने विरोध किया तो सुरक्षाकर्मियों की छात्रों के साथ धक्का मुक्की हुई। पतंजलि प्रशासन की ओर से दी गई सूचना पर बहादराबाद पुलिस मौके पर पहुंची।

बहादराबाद के थानाध्यक्ष गोविंद कुमार ने बताया कि हंगामा कर रहे छात्रों को समझा बुझा कर शांत कर दिया गया । उन्होंने बताया कि छात्रों ने बाद में लिखित में खेद व्यक्त किया। इस पर विवाद निपट गया।

पंतजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण ने बताया कि कुछ बाहरी लोग पतंजलि योगपीठ में माहौल खराब करने के लिए छात्रों को उकसाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन पतंजलि में अनुशासन और व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त है। छात्रों को समझा दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button