सलमान खान ने किया यूट्यूब डेब्यू, लॉन्च किया अपना चैनल
सलमान खान ने आधिकारिक तौर पर यूट्यूब डेब्यू कर लिया है। उन्होंने शुक्रवार को अपना चैनल लॉन्च करते हुए एक वीडियो शेयर किया और ये देखकर भाईजान के फैंस बेहद खुश हैं। कई ने कमेंट करते हुए अपनी खुशी जाहिर की तो कई ने तुरंत ही उनके चैनल को सब्सक्राइब कर लिया।

Bollywood News: सलमान खान इन दिनों रियेलिटी शो ‘बिग बॉस’ का 20वां सीजन होस्ट कर रहे हैं। पिछले दिनों उन्होंने एक वीकेंड के वार के दौरान जिस तरह बॉडी शेमिंग, ट्रोलिंग और पैपराजी द्वारा गलत एंगल से फोटो लिए जाने जैसे मुद्दों को उठाया, हर कोई उनके अंदाज का कायल हो गया। कई सेलेब्स ने उनके इस मूव की तारीफ की। सलमान खान ने अब अपने फैंस को एक और बड़ा सरप्राइज दिया है। सुपरस्टार ने सोशल मीडिया पर ये सरप्राइज अपने फैंस के साथ साझा किया है। दरअसल, उन्होंने आधिकारिक तौर पर यूट्यूब पर एंट्री कर ली है, जहां वह अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ से जुड़े मोमेंट्स साझा करेंगे।
सलमान खान का यूट्यूब पर आधिकारिक डेब्यू
सलमान खान ने सोशल मीडिया पर भी अपने यूट्यूब डेब्यू के बारे में जानकारी साझा की है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपने यूट्यूब चैनल का ऐलान करते हुए एक छोटा वीडियो शेयर किया, जिससे पता चलता है कि ये यूट्यूब चैनल सिर्फ एक ही तरह के कंटेंट तक सीमित नहीं रहने वाला। वीडियो शेयर करते हुए सलमान खान ने लिखा- ‘शुरू से शुरू करते हैं… मेरा ऑफिशियल यूट्यूब चैनल, A से Z तक, यहां पर सब मिलेगा।’ और खास बात तो ये है कि लॉन्च होने को 9 घंटे ही हुए हैं और उनके वीडियो को 1.3 K व्यूज मिल चुके हैं।
सिंपल है बायो
सलमान ने यूट्यूब चैनल पर बायो भी बहुत ही सिंपल रखा है। इसमें लिखा है, ‘फ़िल्म एक्टर, आर्टिस्ट, पेंटर, समाजसेवी, यह मेरा ऑफ़िशियल चैनल है।’ अनाउंसमेंट वीडियो से पहले ही इस पर 8 शॉर्ट्स मौजूद हैं। सलमान खान के इस अनाउंसमेंट से ही फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ गई है कि आगे उन्हें सुपरस्टार के यूट्यूब चैनल पर और क्या-क्या देखने को मिलेगा। इंट्रो वीडियो में सलमान खान ऑरेंज कलर के शॉर्ट्स में नजर आ रहे हैं और उनका ये अंदाज काफी पसंद किया जा रहा है।
यूट्यूब पर ऑफिशियल पहले से मौजूद हैं ये सेलिब्रिटी
बता दें, सलमान खान से पहले आलिया भट्ट, जैकलीन फर्नांडिस, फराह खान, अर्चना पूरन सिंह, सोनाक्षी सिन्हा, नोरा फतेही, वरुण धवन, शिल्पा शेट्टी कुंद्रा जैसे बॉलीवुड स्टार्स यूट्यूब पर मौजूद हैं और इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल वह व्लॉग, ट्रैवल वीडियो, कुकिंग वीडियो, बिहाइंड-द-सीन्स फुटेज, डेली लाइफ रुटीन और फिटनेस कंटेंट के लिए करते हैं। वर्क फ्रंट की बात करें तो सलमान खान वामशी पैदिपल्ली के आने वाले प्रोजेक्ट, SVC63 से भी जुड़े हैं, इस फिल्म का नाम ‘मॉन्स्टर’ रखा गया है और ये ईद 2027 पर सिनेमाघरों में रिलीज़ हो सकती है।





