नई दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें कैंसिल, मुंबई राजधानी, ये रेल गाड़ियां मुख्य रूप से शामिल
दिल्ली आने-जाने वाले रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। अगर आप 9 अक्टूबर को सफर करने की प्लानिंग बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक कर लें, क्योंकि मुंबई राजधानी, पटना-दिल्ली तेजस राजधानी या अमृत भारत एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें कैंसिल हो गई है।

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली आने वाले रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द कर दिया, जिसमें मुंबई राजधानी, राजेंद्र नगर-नई दिल्ली तेजस राजधानी, संपर्क क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस और अमृत भारत एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भारतीय रेलवे ने एक आदेश जारी करते हुए शनिवार, 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने का फैसला किया है। रेलवे बोर्ड के कोचिंग निदेशालय द्वारा जारी इस निर्देश के बाद कई वीआईपी और प्रीमियम ट्रेनों के पहिए थम गए हैं।
रेलवे का बड़ा आदेश
रेलवे द्वारा 9 अक्टूबर को जारी आदेश के अनुसार, शनिवार सुबह 4:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली सभी मेल और एक्सप्रेस गाड़ियों को उनके प्रस्थान स्टेशन से ही रद्द कर दिया गया है।
मुख्य रूप से रद्द की गई प्रीमियम ट्रेनों में शामिल हैं:
- मुंबई राजधानी एक्सप्रेस (22221): छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से हज़रत निजामुद्दीन जाने वाली ट्रेन रद्द।
- तेजस राजधानी एक्सप्रेस (12309): पटना जंक्शन से नई दिल्ली जाने वाली राजेंद्र नगर तेजस राज।
- संपूर्ण क्रांति सुपरफास्ट (12393): पटना जंक्शन से नई दिल्ली।
- अमृत भारत एक्सप्रेस (22361): पटना जंक्शन से नई दिल्ली जाने वाली गाड़ी।
अचानक क्यों लिया गया इतना बड़ा फैसला?
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार को दोनों प्रमुख स्टेशनों (नई दिल्ली और हज़रत निज़ामुद्दीन) के आसपास के इलाकों में सड़कों पर भीषण ट्रैफिक जाम और भीड़भाड़ होने की संभावना जताई गई है। यात्रियों को स्टेशन तक पहुंचने और बाहर निकलने में होने वाली भारी असुविधा से बचाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। हालांकि, यह निर्णय मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शनों के समय आया है, लेकिन रेलवे अधिकारियों ने इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है कि ट्रेनों का कैंसिलेशन सीधे तौर पर इन प्रदर्शनों से जुड़ा है या नहीं।
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
अचानक ट्रेनें रद्द होने से हजारों यात्रियों की योजनाएं प्रभावित हुई हैं। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन के लिए निकलने से पहले NTES App, आधिकारिक वेबसाइट या 139 हेल्पलाइन नंबर पर अपनी ट्रेन का लेटेस्ट स्टेटस जरूर चेक कर लें।




