Breaking NewsUttarakhand

सड़क पर मारपीट और पिस्टल लहराकर धमकाने के मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार

देहरादून में सड़क पर मारपीट और पिस्टल लहराकर धमकाने के मामले में वीडियो वायरल हुआ था। जिस पर पुलिस ने अब सख्त एक्शन लिया है।

देहरादून। जनपद देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में सड़क पर मारपीट और पिस्टल लहराकर धमकाने का वीडियो वायरल होने के बाद दून पुलिस एक्शन मोड में आ गई। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाइसेंसी .32 बोर पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त डंडा और फॉर्च्यूनर कार बरामद की है।

क्या है विवाद?

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात नेक्स्ट हॉस्टल के पास सड़क पर दो वाहनों को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति डंडा लिए दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरे व्यक्ति के हाथ में पिस्टल नजर आ रही है।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई। जांच में एक व्यक्ति की पहचान झाझरा निवासी गौरव के रूप में हुई, जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि गाड़ी हटाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। गौरव ने बताया कि उसने फॉर्च्यूनर चालक से सड़क से वाहन हटाने को कहा था, लेकिन विवाद बढ़ने पर उसने डंडे से हमला कर दिया।

इसके बाद फॉर्च्यूनर चालक नीरज राजपूत और उसका साथी मनीष नेगी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने पिस्टल दिखाकर गौरव को डराया और उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट की। पुलिस को जानकारी मिली कि नीरज और मनीष उपचार के लिए ग्राफिक एरा अस्पताल पहुंचे हैं। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को अस्पताल परिसर से गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से घटना में दिखाई गई लाइसेंसी पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

Advertisements
Ad 29

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली प्रेमनगर में सार्वजनिक स्थान पर मारपीट, हुड़दंग कर शांति व्यवस्था भंग करने, घातक हथियार का प्रदर्शन कर दूसरों के जीवन को खतरे में डालने और लाइसेंसी हथियार के दुरुपयोग के संबंध में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस ने बताया कि बरामद पिस्टल नीरज राजपूत के नाम पर लाइसेंसी है। उसके शस्त्र लाइसेंस के निरस्तीकरण के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी-

  1. गौरव, निवासी चंदन की पुलिया, वार्ड नंबर 9, प्रेमनगर, देहरादून
  2. मनीष नेगी, निवासी मांडूवाला, प्रेमनगर, देहरादून
  3. नीरज राजपूत, निवासी भाऊवाला, सेलाकुई

बरामदगी-

  • लाइसेंसी .32 बोर पिस्टल, 5 जिंदा कारतूस, डंडा और फॉर्च्यूनर कार।

इससे पहले देहरादून में बुजुर्ग महिला से दिनदहाड़े चेन झपटकर एक बदमाश भाग निकला था। इसका CCTV फुटेज भी सामने आया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button