विजय ने अपने ज्योतिषी राधन पंडित को बनाया OSD, ये है बड़ी वजह
तमिलनाडु सरकार ने मुख्यमंत्री विजय के निजी ज्योतिषी रिकी राधन पंडित वेट्रिवेल को OSD (राजनीतिक) नियुक्त किया है। राधन पंडित ने चुनावों मे TVK की जीत की भविष्यवाणी की थी। उनकी सलाह पर विजय के शपथ ग्रहण का समय भी बदला गया था।

चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और टीवीके प्रमुख विजय के निजी ज्योतिषी रिकी राधन पंडित वेट्रिवेल को राज्य सरकार में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। तमिलनाडु सरकार ने उन्हें मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी (OSD) के पद पर तत्काल प्रभाव से नियुक्त किया है। सरकार की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि उनकी नियुक्ति से जुड़ी शर्तें और नियम बाद में अलग से जारी किए जाएंगे। सरकारी आदेश में कहा गया, ‘थिरु रिकी राधन पंडित वेट्रिवेल को मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी (राजनीतिक) के रूप में उनके कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से नियुक्त किया जाता है।’
राधन पंडित ने की थी TVK की जीत की भविष्यवाणी
आदेश में आगे कहा गया कि नियुक्ति के संबंध में नियम और शर्तें अलग से जारी की जाएंगी। बता दें कि राधन पंडित वेट्रिवेल वही ज्योतिषी हैं, जिन्होंने पहले ही विजय और उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम यानी कि TVK की जीत की भविष्यवाणी की थी। चुनावी जीत के बाद अब उन्हें तमिलनाडु सरकार में अहम पद दिया गया है। राज्य की राजनीति में कई बड़े नेताओं से उनके करीबी संबंध और महत्वपूर्ण फैसलों पर उनके प्रभाव को लेकर लंबे समय से चर्चा होती रही है।
राधन पंडित की सलाह पर बदला शपथ का समय
तमिलनाडु के राज्यपाल द्वारा कई बार सरकार बनाने का दावा खारिज किए जाने के बाद आखिरकार विजय को सरकार बनाने की मंजूरी मिली थी। शुरुआत में विजय ने 10 मई को दोपहर 3:45 बजे शपथ ग्रहण समारोह का समय तय किया था, लेकिन बाद में राधन पंडित की सलाह पर इसे बदलकर सुबह 10 बजे कर दिया गया। कहा जा रहा है कि विजय के राजनीतिक सफर के दौरान वेट्रिवेल लगातार उन्हें सलाह देते रहे हैं। अब विजय के मुख्यमंत्री बनने के बाद वेट्रिवेल की राजनीतिक और प्रशासनिक हैसियत भी बढ़ गई है।
राधन पंडित से सलाह लेती रही हैं कई बड़ी हस्तियां
तमिलनाडु में राधन पंडित को एक प्रमुख आध्यात्मिक गुरु और ज्योतिषी माना जाता है। उन्होंने चुनाव से काफी पहले विजय की जीत का दावा किया था। सिर्फ विजय ही नहीं, बल्कि तमिलनाडु की कई बड़ी राजनीतिक हस्तियां भी राधन पंडित से सलाह लेती रही हैं। पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता के बारे में भी कहा जाता है कि वह कई बड़े फैसले राधन पंडित से सलाह लेने के बाद ही करती थीं। राधन पंडित सोशल मीडिया के जरिए भी लोगों को ज्योतिषीय सलाह देते हैं। हालांकि, 4 दशक से ज्योतिष के क्षेत्र में सक्रिय राधन पंडित ने कभी खुद राजनीति में आने की कल्पना की थी या नहीं, यह साफ नहीं है।




