‘रामायण’ में रावण बने यश ने पहनी थी 33 किलो की पोशाक, 1.8 किलो का था मुकुट
कॉस्ट्यूम डिजाइनर सानिया सर्धारिया ने बताया कि नितेश तिवारी की 'रामायण' में यश के रावण वाले भारी-भरकम पोशाक का वजन 16 से 20 किलोग्राम था और कुछ का वजन तो 33 किलोग्राम तक भी पहुंच गया था।

Bollywood News: रामायण जैसे हिंदू महाकाव्य पर भव्य पौराणिक फिल्म बनाना आसान नहीं है, क्योंकि इससे लोगों की धार्मिक भावनाएं जुड़ी होती हैं। ऐसे किरदारों को जीवंत बनाने और दर्शकों को उनके चित्रण पर यकीन दिलाने में कॉस्ट्यूम अहम भूमिका निभाती है। हाल ही में एक इंटरव्यू दौरान कॉस्ट्यूम स्टाइलिस्ट और डिजाइनर सानिया सर्धारिया ने रावण के रूप में यश के विस्तृत लुक के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि एक्टर को 16 से 20 किलोग्राम वजन वाले कॉस्ट्यूम पहनने पड़ते थे। कुछ दिनों तो इन कॉस्ट्यूम का वजन 33 किलोग्राम तक भी पहुंच जाता था। इसके अलावा ‘रामायण’ के रावण का मुकुट 1.8 किलो का था।
डिजाइनर ने ‘रामायण’ के यश के कॉस्ट्यूम के वजन पर की बात
मीडिया से बात करते हुए सानिया ने कहा, ‘ज्यादातर कॉस्ट्यूम का वजन और गहनों को मिलाकर लगभग 16 से 20 किलोग्राम होता था, लेकिन कुछ कॉस्ट्यूम बहुत भारी थे, जैसे लंका से जुड़ा रावण का लुक उनकी शादी का कॉस्ट्यूम और वह कॉस्ट्यूम जो उन्होंने शूर्पणखा की शादी के समय पहना था। अगर मुझे सही से याद है तो उनका वजन लगभग 30 से 33 किलोग्राम था।’
‘रामायण’ में यश के मुकुट का वजन था 1.8 किलोग्राम
सानिया ने बताया कि रावण के कॉस्ट्यूम को डिजाइन करने में सबसे मुश्किल काम उनका मुकुट तैयार करना था। उन्होंने खुलासा किया कि मुकुट का वजन कम करने की कई कोशिशों के बावजूद इसका वजन 1.8 किलोग्राम ही था। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि सबसे मुश्किल काम ताज पहनना था, क्योंकि सिर पर थोड़ा सा भी वजन हो तो वह बहुत भारी और असहज लगता है। इसलिए, हमने इस पर काफी प्रयोग किए। हमने कई 3D मॉक ताज बनवाए, ताकि यह पक्का हो सके कि डिजाइन एकदम सही है। फिर हमने इसे और हल्का बनाने के लिए ‘रिवर्स-इंजीनियरिंग’ की, लेकिन मुझे नहीं लगता कि हम इसे 1.8 kg से ज्यादा हल्का कर पाए। हम जितना कर सकते थे, उतना किया। फिर भी यह बहुत भारी लग रहा था। भले ही उनके हाव-भाव में यह परेशानी न दिखे, लेकिन असल में यह एक बहुत बड़ा काम था।’
‘रामायण’ के रावण के 10वें सिर की कहानी
डिजाइनर सानिया सर्धारिया ने अपने इंस्टा पर एक पोस्ट में लिखा, ‘द टेंथ हेड – एक डिजाइन की कहानी… रावण सिर्फ दस सिरों वाला एक राजा नहीं था। मेरे लिए उसके दस सिर उसके असाधारण व्यक्तित्व और सोच के अलग-अलग पहलुओं का प्रतीक थे। इनमें बुद्धिमत्ता, ज्ञान, महत्वाकांक्षा, शक्ति, भक्ति और उसके व्यक्तित्व के कई ऐसे विरोधाभास शामिल थे, जो उसे एक बेहद दिलचस्प किरदार बनाते हैं। जब मैंने RSY के लॉस एंजिल्स प्रीमियर के लिए इस डिजाइन को तैयार करने की कल्पना शुरू की तो मैं इस प्रतीकात्मकता को हूबहू दोहराने के बजाय अपने अंदाज में पेश करना चाहता थी। इसलिए मैंने जानबूझकर इसमें सिर्फ नौ सिर बनाने का फैसला किया, क्योंकि मुझे यह मानना अच्छा लगा कि RSY खुद इसका दसवां सिर होंगे।’
डिजाइनर क्यों नहीं बनाना चाहती थी रावण का 11वां सिर
इस पोस्ट में उन्होंने आगे लिखा, ‘मैं ग्यारह सिर नहीं बनाना चाहता था। मैं चाहता था कि यह आभूषण और इसे पहनने वाला व्यक्ति एक-दूसरे को पूरा करें। इस एक विचार को ध्यान में रखते हुए शुरुआती सोच से लेकर स्केच बनाने, मूर्तिकला, बारीकियों पर काम करने और इसे अंतिम रूप देने तक, हर चीज को खास अंदाज में तैयार किया गया। आभूषण में नौ सिर और दसवां उस शख्स में। थोड़ी पौराणिक कल्पना, थोड़ी रचनात्मकता और रावण को देखने का मेरा एक बेहद व्यक्तिगत नजरिया।’
‘रामायण’ का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही है। पांचवें दिन ‘रामायण’ ने भारत में 23,911 शोज के जरिए 107.50 करोड़ की नेट कमाई की। हिंदी वर्जन का योगदान 19,786 शोज से 87.25 करोड़ रहा। इसके बाद कन्नड़ वर्जन ने 908 शोज से 7.50 करोड़, तेलुगु ने 1,606 शोज से 6 करोड़, तमिल ने 826 शोज से 4 करोड़ और मलयालम ने 785 शोज से 2.75 करोड़ की कमाई की। इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन 413.90 करोड़ और नेट कलेक्शन 346.35 करोड़ हो गया है। विदेशी बाजारों में फिल्म ने पांचवें दिन 35 करोड़ कमाए, जिससे वहां इसका कुल ग्रॉस कलेक्शन 260 करोड़ तक पहुंच गया। इस तरह ‘रामायण’ का दुनिया भर में कुल ग्रॉस कलेक्शन बढ़कर 673.90 करोड़ हो गया है।




