CSK का सबसे ज्यादा रन बनाने वाला खिलाड़ी हो गया इस सीजन से बाहर
Ayush Mhatre Ruled Out: चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल के जारी सीजन में एक बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार बल्लेबाज आयुष म्हात्रे चोट की वजह से इस पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं।

Auyush Mhatre Ruled Out: चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल 2026 का सीजन अच्छा नहीं रहा है। जारी सीजन के बीच चेन्नई की टीम को एक बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार बल्लेबाज आयुष म्हात्रे चोट की वजह से आईपीएल 2026 से बाहर हो गए हैं। म्हात्रे इस सीजन चेन्नई के लिए अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे हैं, ऐसे में उनका बाहर होना टीम के लिए एक बड़ा झटका है। उनके बाहर होने से जाहिर तौर पर CSK मैनेजमेंट की टेंशन बढ़ गई होगी।
म्हात्रे को लेकर चेन्नई ने किया सोशल मीडिया पर पोस्ट
आयुष म्हात्रे को लेकर चेन्नई सुपर किंग्स ने कहा है कि आयुष म्हात्रे को गंभीर चोट लगी और उन्हें ठीक होने में 6-12 हफ्तों का समय लगेगा, जिसके चलते वह इस टूर्नामेंट में आगे नहीं खेल पाएंगे। CSK ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि 18 अप्रैल को SRH के खिलाफ मैच के दौरान बल्लेबाजी करते समय बाईं हैमस्ट्रिंग में चोट लगने के कारण आयुष म्हात्रे IPL 2026 के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं। आयुष की चोट के ठीक होने में 6-12 हफ्तों का समय लगेगा। हम आयुष के जल्द ठीक होने की कामना करते हैं।
आईपीएल 2026 में अब तक कैसा रहा है म्हात्रे का प्रदर्शन
म्हात्रे ने IPL 2026 में 6 पारियों में 33.50 की औसत और 177.87 की स्ट्राइक रेट के साथ 201 रन बनाए। इस बीच उन्होंने 2 अर्धशतक भी लगाए। म्हात्रे ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 73 रन और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 59 रन की पारियां खेलीं थी। टीम के पास इस वक्त म्हात्रे को रिप्लेस करने के लिए उर्विल पटेल जैसे प्लेयर्स मौजूद हैं, जो इस सीजन अभी तक बेंच पर रहे हैं। ऐसे में उन्हें मौका दिया जा सकता है। अब चेन्नई सुपर किंग्स की टीम प्लेइंग XI में उनकी जगह किसे मौका देती है ये देखने वाली बात होगी।
CSK के कई प्लेयर्स चोट की वजह से हो चुके हैं बाहर
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम इस सीजन में चोटिल खिलाड़ियों की समस्या से जूझ रही है। इससे पहले नाथन एलिस और खलील अहमद भी बाहर हो चुके हैं। टीम के दिग्गज बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी भी चोट की वजह से अब तक नहीं खेल सके हैं। वहीं CSK के प्रदर्शन की बात करें तो इस सीजन में रुतुराज गायकवाड़ की अगुआई वाली टीम ने 2 जीत दर्ज की है और 4 में हार का सामना करना पड़ा है। इस वक्त चेन्नई की टीम 4 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में आठवें नंबर पर है।




