Breaking NewsEntertainment

अभिनेता सैफ अली खान को मिली धमकी, जानिए पूरा मामला

बॉलीवुड में एक बार फिर धमकियों का मामला सामने आया है। अभिनेता सैफ अली खान को धमकी मिलने के बाद मुंबई पुलिस जांच में जुट गई है। इससे पहले भी तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना जैसे कलाकारों को धमकियां मिल चुकी हैं।

मुंबई। फिल्मी सितारों को मिल रही धमकियों के बीच अब अभिनेता सैफ अली खान को भी धमकी मिलने का मामला सामने आया है। पुलिस सूत्रों ने दावा किया कि बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में वांटेड आरोपी जिशान अख्तर ने सैफ अली खान को धमकी दी है। हालांकि, मुंबई पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।

एक अधिकारी ने बताया कि इससे पहले अभिनेता तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना समेत कुछ अन्य कलाकारों को भी धमकियां मिल चुकी हैं। इन मामलों में पुलिस ने बेंगलुरु निवासी 30 वर्षीय वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था। बताया गया कि वैभव आईआईटी ग्रेजुएट है। जांच में सामने आया था कि वैभव का किसी गैंग से कोई संबंध नहीं था। वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर फिल्मी सितारों को धमकियां दे रहा था।

सैफ अली खान को मिली ताजा धमकी के मामले में भी पुलिस इसी पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी के पीछे वाकई जिशान अख्तर का हाथ है या कोई व्यक्ति AI अथवा अन्य तरीकों का इस्तेमाल कर पुलिस और फिल्मी कलाकारों को परेशान करने की कोशिश कर रहा है।

Advertisements
Ad 29

पिछले साल सैफ अली खान पर चाकू से हुआ था हमला

बता दें कि सैफ अली खान पर पिछले साल चाकू से हमला हुआ था। 16 जनवरी 2025 की रात मुंबई के बांद्रा स्थित उनके घर में चाकू से जानलेवा हमला हुआ था। हमलावर चोरी के इरादे से घर में घुसा था। वह रात करीब 1:30 बजे बिल्डिंग परिसर में पहुंचा और दीवार व डक्ट पाइप के सहारे ऊपर चढ़कर घर में दाखिल हुआ। वह सैफ के छोटे बेटे जेह के कमरे से जुड़े बाथरूम के रास्ते अंदर पहुंचा था। रात करीब 2:30 बजे घर में काम करने वाली नर्स एलियामा फिलिप ने उसे बाथरूम में छिपा देखा। आरोपी ने उनसे पैसे मांगे और एक करोड़ रुपये की मांग की। नर्स के शोर मचाने पर घर के लोग जाग गए। सैफ और करीना कपूर बच्चे के कमरे की तरफ पहुंचे। सैफ ने हमलावर को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन पर चाकू से कई वार कर दिए। इस हमले में सैफ की पीठ, गर्दन और हाथों पर चोटें आई थीं। घर की एक महिला कर्मचारी भी घायल हुई थीं। करीना ने बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और घायल सैफ को तुरंत लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी सर्जरी हुई। 22 जनवरी 2025 को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी।

मुंबई पुलिस ने इस मामले में 19 जनवरी 2025 को 30 वर्षीय मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद को ठाणे से गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बांग्लादेश का नागरिक था और भारत में अवैध रूप से रह रहा था। उसने अपनी पहचान विजय दास के नाम से बना रखी थी। पुलिस ने CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और एक लेबर कॉन्ट्रैक्टर से मिली जानकारी के आधार पर उसे गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया था कि वारदात के बाद आरोपी ने कपड़े बदले थे और शहर से भागने की कोशिश की थी। पुलिस की शुरुआती जांच में हमले के पीछे चोरी की कोशिश को वजह बताया गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी को शायद यह जानकारी नहीं थी कि वह अभिनेता सैफ अली खान के घर में घुसा था। अप्रैल 2025 में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ करीब 1,600 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी, जिसमें CCTV फुटेज, DNA रिपोर्ट, फिंगरप्रिंट और गवाहों के बयान शामिल थे। अगस्त 2026 में मुंबई की सेशन कोर्ट ने आरोपी के खिलाफ आरोप तय किए थे। आरोपी ने दोष स्वीकार करने और सजा में नरमी की मांग की थी, लेकिन अदालत ने 11 सितंबर को उसकी अर्जी खारिज कर दी थी। इसके बाद 24 अक्टूबर 2026 को मुकदमे की सुनवाई शुरू हुई थी। सुनवाई के दौरान सैफ के घर में काम करने वाली नर्स ने अदालत में आरोपी की पहचान की थी और एक करोड़ रुपये मांगने की बात भी दोहराई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button