Breaking NewsNational

प्रधानमंत्री मोदी ने कंपनियों से की अपील, कही ये बड़ी बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को FICCI के वार्षिक सम्मेलन में उद्योगपतियों से यह अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार ने कारोबार को आसान बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं, अब कंपनियों को भी इनका फायदा देश और कर्मचारियों तक पहुंचाना चाहिए।

देश में कारोबार को बढ़ावा देने और कंपनियों को राहत देने के लिए सरकार ने कॉरपोरेट टैक्स से लेकर इनकम टैक्स तक कई बड़े फैसले लिए हैं। कारोबार करना आसान बनाने के लिए नियमों में भी बदलाव किए गए हैं और दूसरे देशों के साथ व्यापार समझौते किए गए हैं। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कंपनियों से अपील की है कि वे सिर्फ अपना मुनाफा बढ़ाने पर ध्यान न दें, बल्कि देश में ज्यादा नौकरियां पैदा करें और कर्मचारियों की सैलरी भी बढ़ाएं।

प्रधानमंत्री गुरुवार को फिक्की (FICCI) की वार्षिक आम बैठक और सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश के विकास की जिम्मेदारी सिर्फ सरकार की नहीं है। उद्योग जगत को भी विकास की प्रक्रिया में भागीदार बनना होगा। PM मोदी ने कहा कि सरकार ने उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए कॉरपोरेट टैक्स की दरें घटाई हैं, इनकम टैक्स में राहत दी है और अनुपालन से जुड़े नियमों को आसान बनाया है। इसके अलावा, व्यापार के नए अवसर खोलने के लिए कई देशों के साथ समझौते भी किए गए हैं। अब कंपनियों को यह दिखाना चाहिए कि इन फैसलों का फायदा अर्थव्यवस्था और आम लोगों को मिल रहा है। इसके लिए उद्योगों को ज्यादा रोजगार पैदा करने और अपने कर्मचारियों की आमदनी बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए।

विदेशी बाजारों में कारोबार बढ़ाने की बनाएं रणनीति

प्रधानमंत्री ने उद्योगपतियों से भारत के बढ़ते फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) नेटवर्क का फायदा उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कंपनियों को खुद रणनीति बनानी चाहिए कि वे इन व्यापार समझौतों के जरिए दूसरे देशों में अपने कारोबार को कैसे बढ़ा सकती हैं। इसके लिए हर अवसर की पहचान करने की जिम्मेदारी सरकार पर नहीं छोड़ी जानी चाहिए।

भारतीय ग्राहकों को भी मिले एक्सपोर्ट जैसी क्वालिटी

Advertisements
Ad 29

PM मोदी ने कंपनियों से कहा कि भारतीय ग्राहकों को भी वही गुणवत्ता वाले उत्पाद मिलने चाहिए, जो कंपनियां विदेशों में बेचती हैं। उन्होंने एक्सपोर्ट क्वालिटी के नाम पर विदेशों के लिए बेहतर और घरेलू बाजार के लिए अलग गुणवत्ता वाले उत्पाद बेचने की सोच पर सवाल उठाया। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के लोगों को भी अच्छी क्वालिटी के सामान का हक है। कंपनियों को भारत के बड़े उपभोक्ता बाजार को हल्के में नहीं लेना चाहिए।

दवा और स्टील सेक्टर में आयात पर निर्भरता घटाने पर जोर

प्रधानमंत्री ने घरेलू मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने की जरूरत भी बताई। उन्होंने फार्मा सेक्टर का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत को दुनिया की फार्मेसी कहा जाता है, लेकिन देश अब भी बड़ी मात्रा में एक्टिव फार्मास्युटिकल इंग्रीडिएंट्स (API) और अन्य जरूरी कच्चे माल का आयात करता है। कंपनियों को ऐसे उत्पादों की पहचान करनी चाहिए, जिन्हें भारत में प्रतिस्पर्धी कीमत पर बनाया जा सकता है। उन्होंने एल्युमीनियम और स्टील सेक्टर में भी कुछ विशेष उत्पादों के आयात पर निर्भरता कम करने के लिए निवेश बढ़ाने की बात कही।

कृषि और फूड प्रोसेसिंग में भी बड़े मौके

PM मोदी ने कृषि निर्यात पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि भारत का कृषि उत्पादन बड़ा होने के बावजूद वैश्विक कृषि निर्यात में देश की हिस्सेदारी करीब 2 से 2.5 फीसदी ही है। उन्होंने कंपनियों से फूड प्रोसेसिंग और वैल्यू एडिशन में निवेश करने की अपील की, ताकि विदेशों की मांग के मुताबिक उत्पाद तैयार किए जा सकें और भारत का निर्यात बढ़ाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button