कैबिनेट मंत्री खजान दास ने इंदिरा कॉलोनी में किया सामुदायिक भवन का शिलान्यास
कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार निरंतर विकास कार्यों को गति प्रदान करते हुए जनसुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। वार्ड संख्या 18, इंदिरा कॉलोनी में सामुदायिक भवन का निर्माण क्षेत्रवासियों के लिए उपयोगी साबित होगा।

देहरादून। वार्ड संख्या 18, इंदिरा कॉलोनी, चुक्खुवाला में नगर निगम के रिक्त स्थान पर सामुदायिक भवन का निर्माण किया जा रहा है। इस सामुदायिक भवन के निर्माण कार्य के लिए गुरुवार को सुबह 11:30 बजे भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री खजान दास मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर भूमि पूजन के दौरान कैबिनेट मंत्री उत्तराखंड सरकार एवं राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक खजान दास ने भवन की बुनियाद के लिए ईंट रखी। इस दौरान वहाँ क्षेत्र वासियों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा, आज राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या-18, इंदिरा कॉलोनी में सामुदायिक भवन के निर्माण हेतु विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमि पूजन किया गया। ये मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि मैं इस शुभ कार्य का साक्षी बना हूँ। उन्होंने कहा कि इस सामुदायिक भवन के निर्माण से क्षेत्र की जनता को काफी राहत मिलेगी और कई तरह के कार्यक्रमों का आयोजन इस भवन में सरलतापूर्वक किया जा सकेगा।

कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार निरंतर विकास कार्यों को गति प्रदान करते हुए जनसुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। वार्ड संख्या 18, इंदिरा कॉलोनी में सामुदायिक भवन का निर्माण क्षेत्रवासियों के लिए उपयोगी साबित होगा और स्थानीय आवश्यकताओं की पूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत के दौरान वार्ड संख्या 18, इंदिरा कॉलोनी की पार्षद वंशिका सोनकर, उनके पिता पूर्व पार्षद और वरिष्ठ भाजपा नेता अजय सोनकर एवं क्षेत्र वासियों ने क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक व कैबिनेट मंत्री खजान दास को पुष्प गुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। उन्होंने कार्यक्रम में पधारने पर कैबिनेट मंत्री का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान बोलते हुए वार्ड संख्या 18, इंदिरा कॉलोनी की पार्षद वंशिका सोनकर ने कहा कि इंदिरा कॉलोनी वार्ड में नगर निगम की खाली जमीन पर क्षेत्र वासियों की सुविधा के लिए एक सामुदायिक भवन का निर्माण किया जा रहा है। इस कार्य हेतु माननीय कैबिनेट मंत्री एवं जन-जन के प्रिय विधायक श्री खजान दास जी के करकमलों द्वारा आज भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया। उन्होंने कहा कि वार्ड के विकास हेतु माननीय मंत्री महोदय जी का सहयोग सदैव प्राप्त होता रहा है और आशा है कि भविष्य में भी उनका आशीर्वाद व सहयोग इसी प्रकार मिलता रहेगा।

वहीं कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ भाजपा नेता एवं इंदिरा कॉलोनी वार्ड के पूर्व पार्षद अजय सोनकर उर्फ घोंचू भाई ने कहा कि लगभग 24 लाख रुपये की लागत से इस सामुदायिक भवन का निर्माण किया जा रहा है। आज इसके लिए माननीय कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक श्री खजान दास जी के द्वारा विधिवत भूमि पूजन का कार्य किया गया है। जल्द ही इस भवन के निर्माण का कार्य प्रारंभ हो जाएगा और निश्चित समयावधि में इस भवन को तैयार कर लिया जाएगा। क्षेत्र में इस सामुदायिक भवन के निर्माण से वार्ड की जनता को काफी सुविधा होगी और लोग राहत महसूस करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान वार्ड की पार्षद वंशिका सोनकर एवं पूर्व पार्षद अजय सोनकर के अलावा सेमपाल गहलोत, मुकेश कुमार, शिव सिंह बिष्ट, सिकन्दर सोनकर एवं भारी संख्या में क्षेत्र की जनता मौजूद रही।




