Breaking NewsNational

यहाँ आम मरीजों के साथ ही रख दिये कोरोना संक्रमितों के शव, उठ रहे कईं सवाल

मुंबई। महाराष्ट्र के मुंबई स्थित सायन अस्पताल में कोरोना के मरीजों के मामले में एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां के इमरजेंसी वॉर्ड में मरीजों के पास संक्रमण मारे गए लोगों के शव भी रखे जा रहे थे। मरीज और उनके परिजन ने अस्पताल प्रबंधन से शिकायत भी की, लेकिन इस मामले ने तब तूल पकड़ा जब वीडियो वायरल हो गया। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री ने राजेश टोपे ने कहा- मृतकों के परिजन 30 मिनट के भीतर बॉडी ले जाते हैं। लेकिन, कई बार वे हिचकिचाते हैं। इसके बाद शव मॉर्चुरी में भेज दिया जाता है। सभी प्रोसीजर पूरे करने में वक्त मिलता है।

राजेश टोपे ने कहा कि अब हमने आदेश दिया है कि बॉडी को 30 मिनट के भीतर हटा दिया जाए। इस पर राजनीति करने की जरूरत नहीं है। प्रोटोकॉल के तहत बॉडी को काली पॉलिथिन में लपेटा जाता है ताकि संक्रमण ना फैले।

अस्पताल में मरीजों के बीच रखे हुए कोरोना संक्रमितों के शव
अस्पताल में मरीजों के बीच रखे हुए कोरोना संक्रमितों के शव

वॉर्ड में 10 शव रखे थे
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि अस्पताल के वॉर्ड में कई मरीज बेड पर लेटे हैं। मरीजों के बीच में काले प्लास्टिक के बैगों में कोरोना से जान गंवाने वाले लोगों के शव भी बेड पर रखे हैं। कुछ शवों को कपड़ों से तो कुछ को कंबल से ढका गया है। बताया जा रहा है कि वॉर्ड में मरीजों के बीच ऐसे 19 शव रखे गए थे।

हॉस्पिटल ने दी सफाई
अस्पताल के डीन डॉ. प्रमोद इंगले ने वायरल वीडियो की पुष्टि की है। डॉक्टर इंगले के मुताबिक, अस्पताल में स्टाफ की कमी है। उधर, रिश्तेदार शवों को ले जाने के लिए नहीं आ रहे हैं। इसलिए इन्हें वार्ड में रखा गया। मॉर्चुरी में जो 15 शेल्फ हैं, उनमें से 11 भरे हुए हैं।

रिपोर्ट आने तक पड़े रहते हैं शव

  • एशिया के सबसे बड़े स्लम धारावी में कोरोना के संदिग्ध मरीजों की जांच सायन अस्पताल में ही होती है। धारावी के हालात बिगड़ते जा रहे हैं। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, धारावी में कोरोना के मरीजों की संख्या 700 के पार जा चुकी है। धारावी के लिए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और साईं अस्पताल को क्वारैंटाइन सेंटर बनाया गया है।
  • सायन अस्पताल में टेस्ट होने के लगभग 15-20 घंटे में रिपोर्ट आती है। यहां के इमरजेंसी वॉर्ड में 20 बेड हैं। जहां कोविड और नॉन कोविड दोनों तरह के मरीज रखे गए हैं। ऐसे में अगर इमरजेंसी वार्ड में किसी मरीज की मौत हो जाए तो उसकी लाश कोविड टेस्ट की रिपोर्ट आने तक वहीं पड़ी रहती है। उसके आसपास के पलंग पर मरीजों को लेटने को कहा जाता है।

नीतेश राणे का ट्वीट

Advertisements
Ad 28

भाजपा नेता नीतेश राणे ने भी वीडियो ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा, ‘सायन अस्पताल में शवों के बीच मरीज भी सो रहे हैं। यह शर्मनाक है।’

कम्युनिटी वर्कर मतिउर्रहमान बताते हैं कि जिस रोज वे अपने अंकल तालिब शेख को सायन अस्पताल लेकर गए थे तो एक शव रात से वॉर्ड में रखा हुआ था। दूसरी मौत सुबह 10 बजे हुई थी। वह शव भी शाम 5 बजे तक वहीं रखा हुआ था। आसपास दूसरे मरीज थे। लेकिन जिसकी मौत होती है, उसकी कोविड की रिपोर्ट आए बिना कोई शव को हाथ भी नहीं लगाता है। अगर रिपोर्ट निगेटिव आती है तो ऐसे ही उसकी बॉडी परिवार वालों को दे दी जाती है। लेकिन रिपोर्ट आने तक शव वहीं रखा रहता है।

पूर्व सीएम ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

इस घटना पर पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा,’सायन हॉस्पिटल में हुई यह घटना बेहद गंभीर है। शव के बगल में कोरोना संक्रमित मरीज का इलाज जारी रखना एक गंभीर बात है। सवाल यह है कि क्या मुंबईकरों का कोई रखवाला नहीं बचा? सरकार को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए और सुनिश्चित करना चाहिए कि ऐसी घटना दोबारा न हो।’

सायन अस्पताल में केवल कोरोना की जांच होती है। जांच में अगर कोई पॉजिटिव पाया जाता है तो उसे इलाज के लिए कस्तूरबा अस्पताल भेज दिया जाता है। लेकिन जिस तरह से धारावी में मामले बढ़ रहे हैं अस्पताल के लिए उन्हें संभालना बेहद मुश्किल हो रहा है। धारावी में सोशल वर्क से जुड़े फहाद अहमद बताते हैं कि जो आंकड़ा धारावी का बताया जा रहा है वह सिर्फ दस फीसदी है। वहां ऐसे कई लोग हैं जो कोरोना के मरीज हैं लेकिन अस्पताल नहीं जा रहे हैं। टेस्ट नहीं करवा रहे हैं।

वहीं, धारावी के नगर पार्षद बाबू खान का कहना है कि कोरोना के मरीजों की लाशें जिंदा लोगों के साथ रखी गई हैं। शुरू में तो ऐसे ही बिना कपड़े के बॉडी पड़ी रहती थी, लोग डर के मारे दुबके अपने-अपने बेड पर पड़े रहते थे, अब बस इतना हुआ है कि उसे लपेट दिया जाता है। खबर चाहे अब आ रही हो लेकिन यहां ऐसा शुरू से ही हो रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button