हार के बावजूद ये बड़ा कारनामा करने में कामयाब रही टीम इंडिया
भारतीय टीम को भले ही वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के चौथे मुकाबले में 24 रनों से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन टीम इंडिया इस मैच में एक बड़ा कारनामा करने में कामयाब रही।

IND vs WI : भारतीय क्रिकेट टीम अभी घर पर वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज खेल रही है, जिसका चौथा मुकाबला 14 अक्टूबर को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में टीम इंडिया को 24 रनों से हार का सामना करना पड़ा, जिसके चलते अब यह सीरीज 2-2 की बराबरी पर है। टीम इंडिया ने मुकाबले में हार के बावजूद एक ऐसी उपलब्धि हासिल की जो इससे पहले टी20 इंटरनेशनल में सिर्फ वेस्टइंडीज की टीम ही करने में कामयाब हो सकी थी। भारतीय टीम का टी20 इंटरनेशनल में दबदबा देखने को मिलता है और अब 2000 या उससे अधिक छक्के लगाने वाली सिर्फ दूसरी टीम बन गई है।
भारतीय टीम ने 297 मैचों में हासिल की यह उपलब्धि
टी20 इंटरनेशनल में भारतीय टीम ने अब तक 297 मुकाबले खेले हैं, जिसमें कुल 45713 रन बनाए हैं और 2010 छक्के लगाने में कामयाब रही है। टीम इंडिया से पहले टी20 इंटरनेशनल में 2000 या उससे अधिक छक्के लगाने का कारनामा सिर्फ वेस्टइंडीज की टीम ने किया था, जिन्होंने अब तक 259 मुकाबले खेले हैं और उसमें उनकी तरफ से 2026 छक्के लगाए जा चुके हैं, ऐसे में टीम इंडिया के पास इस लिस्ट में पहली पोजीशन पर पहुंचने का शानदार मौका रहने वाला है। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर न्यूजीलैंड की टीम है जिन्होंने टी20 इंटरनेशनल में अब तक 267 मुकाबले खेले हैं और 1585 छक्के लगाए हैं।
टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाली टीमें
- वेस्टइंडीज – 2026 छक्के
- भारत – 2010 छक्के
- न्यूजीलैंड – 1585 छक्के
- पाकिस्तान – 1507 छक्के
- साउथ अफ्रीका – 1407 छक्के
टीम इंडिया ने पूरा किया 4000 चौकों का भी आंकड़ा
टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे टी20 मैच में ना सिर्फ 2000 छक्कों का आंकड़ा पार किया बल्कि वह 4000 चौके भी पूरे करने में कामयाब रहे। भारतीय टीम अब टी20 इंटरनेशनल में पहली ऐसी टीम बन गई है जो 4000 या उससे अधिक चौके लगाने में कामयाब हो सकी। वहीं इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर पाकिस्तान की टीम है जिन्होंने टी20 इंटरनेशनल में अब तक 3722 चौके लगाए हैं।I




