विद्यार्थियों को शैक्षणिक सुविधाएं प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है जीआरडी डिग्री कॉलेज : कुलपति
जीआरडी गर्ल्स डिग्री कॉलेज का परीक्षा केंद्र बनेगा आदर्श केंद्र उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के प्रवेश जागरूकता एवं निःशुल्क पुस्तक वितरण कार्यक्रम में कुलपति ने की घोषणा

देहरादून। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने प्रेमनगर स्थित जीआरडी गर्ल्स डिग्री कॉलेज में संचालित अपने अध्ययन एवं परीक्षा केंद्र को आदर्श परीक्षा केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में पहल की है। शनिवार को कॉलेज परिसर में आयोजित प्रवेश जागरूकता एवं निःशुल्क पुस्तक वितरण कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि केंद्र पर परीक्षा व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
कुलपति ने कहा कि जीआरडी गर्ल्स डिग्री कॉलेज में संचालित विश्वविद्यालय का अध्ययन एवं परीक्षा केंद्र विद्यार्थियों को शैक्षणिक सुविधाएं प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य अध्ययन की बेहतर व्यवस्था के साथ-साथ परीक्षा संबंधी सुविधाओं को भी सुदृढ़ करना है, ताकि विद्यार्थियों को अपनी शिक्षा पूरी करने में सहूलियत मिल सके।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. खेमराज भट्ट ने कहा कि विश्वविद्यालय यूजीसी के निर्धारित नियमों के अनुरूप विद्यार्थियों को दोहरी डिग्री प्राप्त करने का अवसर प्रदान कर रहा है। उन्होंने बताया कि जुलाई प्रवेश सत्र में शिक्षार्थियों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में उच्च शिक्षा की पहुंच बढ़ाने और विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय विभिन्न स्थानों पर निःशुल्क पुस्तक वितरण कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि, शिक्षाविद् एवं लेखिका डॉ. सविता मोहन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पुस्तकों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पुस्तकें ज्ञान, व्यक्तित्व विकास और सफलता की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने छात्राओं को नियमित अध्ययन करने तथा पढ़ने की आदत को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
विश्वविद्यालय के सहायक क्षेत्रीय निदेशक गोविंद सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में नए अध्ययन एवं परीक्षा केंद्र स्थापित कर रहा है। इसका उद्देश्य दूरस्थ और अन्य क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों तक उच्च शिक्षा के अवसर पहुंचाना और उन्हें अपनी शैक्षणिक यात्रा जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया तथा छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान निःशुल्क पुस्तकों का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में पुरस्कार वितरण के साथ छात्राओं का उत्साहवर्धन किया गया।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. प्रियंका सिंह और (कॉलेज संचालन करता) अनिल वरमोला, (परिसर निदेशक) सिद्धांत चमोली जी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
यह आयोजन उच्च शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने और शैक्षणिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय के साझा प्रयासों को रेखांकित करता है।




