Breaking NewsNational

कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग, 14 लोगों की मौत, बिल्डिंग से कूदते नज़र आए छात्र

लखनऊ के अलीगंज में स्थित एक कोचिंग सेंटर में आग लग गई है। कुछ लोग जान बचाने के लिए बिल्डिंग से कूदते भी नजर आए।

लखनऊ। शहर के अलीगंज इलाके से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां अलीगंज में एक कोचिंग सेंटर में आग लग गई, जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई है। आग इतनी भयावह थी कि कोचिंग सेंटर के अंदर ही कई छात्र फंस गए। आग से बचने के लिए छात्र बिल्डिंग के ऊपर से ही कूदने लगे। घटना का वीडियो भी सामने आया है। वहीं आग लगने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही मौके पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां पहुंच गई।

आग पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। फायर विभाग के एक अधिकारी ने कहा, “बताया जा रहा है कि 10-12 लोग अंदर फंसे हुए हैं। हम इमारत के अंदर नहीं जा पाए हैं क्योंकि आग बहुत भीषण है।”

तीन मंजिला मकान में लगी आग

अधिकारियों ने बताया कि सोमवार दोपहर लखनऊ में तीन मंजिला कमर्शियल बिल्डिंग में आग लग गई, जिसके बाद फायर डिपार्टमेंट ने बचाव और आग बुझाने का ऑपरेशन शुरू किया। उन्होंने बताया कि फायर डिपार्टमेंट को दोपहर करीब 3 बजे अलीगंज पुलिस स्टेशन इलाके में उषा मेहता मार्ग पर स्थित एक कोचिंग इंस्टीट्यूट से आग लगने की सूचना मिली। फायर डिपार्टमेंट के एक अधिकारी ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म गाड़ी समेत 14 फायर टेंडर लगाए गए।

क्या बोले चश्मदीद

एक चश्मदीद गवाह अमन ने कहा, “यहां एक लाइब्रेरी या कंप्यूटर कोर्स का संस्थान है। जब हम यहां पहुंचे, तो हमने इमारत से धुआं निकलते देखा। हमने 5-6 लोगों को बचाया। आग लगने के बाद, एक व्यक्ति इमारत से कूद गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अभी भी कुछ लोग अंदर फंसे हुए हैं।”

अंदर जाने के लिए तोड़ी गई दीवार: डिप्टी सीएम

उत्तर प्रदेश के डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने कहा, “हमें पता चला है कि अभी सबसे ऊपरी मंजिल पर कोई नहीं है। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने अंदर जाने के लिए पहली मंजिल की एक दीवार तोड़ी है। वहां बहुत ज़्यादा धुआं है। हर कमरे की तलाशी ली जा रही है। हमारी प्राथमिकता सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालना है; प्रशासन और मेडिकल टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। एम्बुलेंस मौके पर मौजूद हैं और हमने डॉक्टरों को भी यहां बुलाया है। जिन बच्चों को तुरंत प्राथमिक उपचार की जरूरत हो सकती है, उन्हें यहीं पर इलाज देने का इंतज़ाम भी किया गया है।”

सीएम योगी ने दिए निर्देश

वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के कोचिंग सेंटर में आग लगने की घटना का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा सीएम योगी ने राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों को उचित उपचार उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रशासन को हर स्तर पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने राहत कार्यों की सतत मॉनिटरिंग के भी निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने लखनऊ अग्निकांड में मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। इसके साथ ही उन्होंने घायलों के समुचित इलाज करवाने हेतु अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।

CM योगी ने आगामी सभी दौरे रद्द किए 

सीएम योगी ने अपने आगामी सभी दौरे रद्द कर दिए हैं और वह लखनऊ के लिए रवाना हो गए हैं।

सीएम योगी ने अलीगढ़ में कहा, “मेरी हार्दिक इच्छा थी कि आज मैं अलीगढ़ में रहूं, लेकिन मुझे दुख के साथ कहना पड़ रहा है, अभी अभी मुझे जानकारी मिली है कि लखनऊ में एक अग्निकांड की दुखद घटना हुई है, उसकी चपेट में कुछ बच्चे आये हैं, उनकी दुखद मौत हुई है, इसलिए मुझे तत्काल वापस जाना पड़ रहा है, जिन्होंने जान खोई उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। इस पूरे मामले के लिए पुलिस महानिदेशक व अपर मुख्य सचिव गृह को भी कहा है कि मौके पर जाकर इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें, मैं स्वयं भी वहां प्रस्थान कर रहा हूं, जिससे इस पूरे मामले की तह में जाकर दोषियों को सज़ा भी दे सकें और उन पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त कर सकें!”

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button