पैपराजी की हरकत पर भड़कीं सारा तेंदुलकर, फोटो पोस्ट कर लगाई जोरदार फटकार
सारा तेंदुलकर ने हाल ही में एक पैपराजी पेज को जोरदार फटकार लगाई है। हाल ही में सारा की एक फोटो वायरल हुई थी जिसको लेकर उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर की है।

मुंबई। सोशल मीडिया पर पैपराजी के कैमरों में कैद तस्वीरें और वीडियोज फैन्स को खूब भाते हैं। लेकिन कई बार पैपराजी अपने कैमरों के एंगल को लेकर विवादों में भी घिर जाते हैं। हाल ही में एक पैपराजी ने सारा तेंदुलकर की ऐसी तस्वीर निकाली की उनका गुस्सा फूट पड़ा। सारा ने इस फोटो को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए फटकार भी लगाई है।
क्या है पूरा मामला?
एक पैपराजी पेज ने हाल ही में एयरपोर्ट से ली गई वीडियो को ‘मोटी वाली सारा है, बगल वाली भाभी है’ कैप्शन के साथ पोस्ट करने पर सारा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। इस टिप्पणी में सारा को मोटी कहकर संबोधित किया गया था और उनके बगल में खड़ी महिला को उनकी भाभी बताया गया था। कैप्शन में जिस महिला का जिक्र किया गया है, वह सानिया चंदोक हैं, जिन्होंने मार्च 2026 में सारा के भाई अर्जुन तेंदुलकर से शादी की थी। सारा ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर वीडियो को दोबारा शेयर करते हुए पेज की भाषा की निंदा की। उन्होंने लिखा, ‘आप घिनौने हैं। यह पत्रकारिता नहीं है। हमें अकेला छोड़ दो।’
बहस में कूदीं दूसरी हीरोइन्स
बॉलीवुड स्टार राजकुमार राव की पत्नी और एक्ट्रेस पत्रलेखा ने भी बॉडी शेमिंग का करारा जवाब दिया था। सारा की प्रतिक्रिया अभिनेत्री पत्रलेखा के उस बयान के कुछ ही समय बाद आई है, जिसमें उन्होंने भी प्रसव के बाद अपने शरीर पर टिप्पणी करने वाले सोशल मीडिया पेजों की आलोचना की थी। हाल ही में मां बनीं इस अभिनेत्री ने अपने शारीरिक रूप-रंग पर की गई असंवेदनशील टिप्पणियों का जवाब एक तीखे शब्दों वाली इंस्टाग्राम स्टोरी के माध्यम से दिया। उन्होंने लिखा, ‘पैपराजी पेज। मुझे क्या हो गया है? बस मैंने अभी-अभी बच्चे को जन्म दिया है! हां, मेरा वजन बढ़ गया है, जो आप सभी को एक अप्राकृतिक घटना लगती है। मैंने बैठकर पहाड़ नहीं खाए हैं, मैंने अभी-अभी एक बच्चे को जन्म दिया है और साथ ही दो फिल्मों का निर्माण भी किया है, जो आसान काम नहीं हैं। अगर मैं कर सकती तो मैं ऐसी नहीं होती। लेकिन गर्भावस्था के कारण मेरे शरीर ने ऐसी ही प्रतिक्रिया दी है। भगवान के लिए, कृपया थोड़ा दयालु होना सीखें।’ बता दें कि अक्सर ही बॉलीवुड हीरोइन्स को उनके लुक को लेकर जज किया जाता है। इसको लेकर एक ऑनलाइन बहस ने भी जन्म लिया है लेकिन अभी भी ट्रोलिंग नहीं रुकी है।




