Breaking NewsEntertainment

एक बार फिर साथ नज़र आएगी अरुण गोविल-दीपिका चिखलिया की जोड़ी, इस फिल्म में बने पति-पत्नी

अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया अब सालों बाद एक बार फिर स्क्रीन पर साथ नजर आएंगे। वो भी किसी रियेलिटी शो या टीवी शो में नहीं, बल्कि एक नई फिल्म में। इस फिल्म में अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया पति-पत्नी की भूमिका में दिखाई देंगे।

Bollywood News: रामानंद सागर की ‘रामायण’ में प्रभु श्रीराम और माता सीता की भूमिका निभाकर अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया ने ऐसी लोकप्रियता हासिल की कि आज भी इन्हें दर्शक इसी रूप में जानते हैं। इस पौराणिक धारावाहिक को करीब 39 साल हो चुके हैं, लेकिन आज भी अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया ही दर्शकों के मन में राम-सीता के तौर पर बसे हैं। टीवी स्क्रीन पर अपने किरदारों से घर-घर में लोकप्रियता हासिल करने वाले ये कलाकार अब एक बार फिर साथ काम करने जा रहे हैं। दोनों ‘नोटिस’ नाम की फिल्म में एक बार फिर पति-पत्नी की भूमिका में दिखाई देंगे। खास बात तो ये है कि ये फिल्म ‘रामायण- पार्ट 1’ से पहले रिलीज हो जाएगी, जो 8 नवंबर को भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

नई फिल्म में साथ नजर आएंगे अरुण गोविल-दीपिका चिखलिया

अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया, प्रोड्यूसर-एक्टर आदित्य प्रताप सिंह रघुवंशी की फिल्म ‘नोटिस’ में साथ नजर आने वाले हैं, जो ओटीटी पर रिलीज होगी। फिल्म ‘रामायण- पार्ट 1’ से ठीक पहले 6 नवंबर को ओटीटी पर दस्तक देगी। इस फिल्म में दोनों पति-पत्नी की भूमिका में नजर आएंगे। अरुण गोविल फिल्म में एक आम आदमी के किरदार में दिखाई देंगे, जो न्याय की लड़ाई में एक भ्रष्ट सिस्टम से टकराता है और दीपिका उनकी पत्नी के रोल में होंगी, जो इस न्याय की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रहती हैं।

क्या है फिल्म की कहानी?

Advertisements
Ad 29

फिल्म की कहानी अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया के किरदार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन्होंने विकास कार्य के चलते अपनी सालों पुरानी दुकान खो दी है। जिसके बाद अरुण गोविल का किरदार अपनी दुकान को बचाने के लिए भ्रष्ट सिस्टम के खिलाफ और न्याय के लिए अपनी लड़ाई शुरू करता है। वहीं दीपिका चिखलिया का किरदार हर मुश्किल परिस्थिति में अपने पति का साथ देता है। हालांकि, ये फिल्म सिनेमाघरों में नहीं बल्कि ओटीटी पर रिलीज होगी। इसका प्रीमियर 6 नवंबर को ओटीटी प्लेटफॉर्म ‘वेव्स’ पर होगा और उसके बाद टीवी तक ये फिल्म पहुंचेगी। अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया के फैंस उनकी इस अपकमिंग फिल्म को लेकर खासे उत्साहित हैं, क्योंकि ‘रामायण’ के सालों बाद दोनों एक बार फिर साथ नजर आने वाले हैं।

‘रामायण- पार्ट 1’ में राजा दशरथ की भूमिका में नजर आएंगे अरुण गोविल

दूसरी तरफ, अरुण गोविल इन दिनों नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ को लेकर भी चर्चा में हैं। इस बिग बजट फिल्म में वह राजा दशरथ की भूमिका में नजर आने वाले हैं। हाल ही में ‘रामायण’ से राजा दशरथ के रूप में अरुण गोविल का पोस्टर जारी किया गया, जिसमें वह सिंहासन पर बैठे नजर आए थे। वहीं हाल ही में एक अन्य पोस्टर भी मेकर्स ने जारी किया, जिसमें राम की भूमिका में रणबीर कपूर राजा दशरथ की भूमिका में नजर आ रहे अरुण गोविल के आगे नमन करते नजर आ रहे हैं। फिल्म की रिलीज की बात करें तो ये 2 भागों में बन रही इस फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 पर रिलीज होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button