Breaking NewsUttarakhand

कबड्डी प्रतियोगिता से लौट रहे खिलाड़ियों का वाहन खाई में गिरा, मची चीख पुकार

गोपेश्वर में जिला स्तरीय शरदकालीन कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। टीमें वापस लौट रही थीं, इसी दौरान वाहन हादसे का शिकार हो गया।

पोखरी (चमोली)। जनपद चमोली में देर रात जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता से लौट रहीं छात्राओं का वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। जिसमें छह छात्राओं सहित आठ लोग घायल हो गए थे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी में दो छात्राओं और चालक को श्रीनगर के लिए रेफर किया गया है। सभी घायल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

बुधवार को गोपेश्वर में जिला स्तरीय शरदकालीन कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की गई। बुधवार को ही सभी प्रतियोगिताएं संपन्न होने के बाद टीमें वापस भी लौट गई। पोखरी से अलग-अलग आयु वर्ग में बालक-बालिकाओं की टीमें पहुंची हुई थी। जीआईसी रडुवा चांदनीखाल की छह छात्राओं, खेल शिक्षक, जीआईसी नैल सांकरी के तीन छात्र व शिक्षकों को लेकर वाहन गोपेश्वर से देर शाम को निकला।

नैल सांकरी में तीन छात्र व शिक्षक उतर गए। जबकि अन्य छात्राओं को लेकर वाहन आगे जाने लगा। रात आठ बजे सलना गांव से करीब दो किमी पहले चौलांडी गदेरे के पास अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे करीब 45 मीटर गहरी खाई में गिर गया। घटना की सूचना पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को सीएचसी पोखरी पहुंचाया गया।

Advertisements
Ad 29

सीएचसी के अधीक्षक डॉ. प्रियम गुप्ता ने बताया कि चालक जय लाल, छात्रा आंचल और पूर्वांशी को गंभीर चोटें आई हैं, उन्हें रात को ही हायर सेंटर श्रीनगर भेज दिया गया था। वहीं, खेल शिक्षक उमेश कुमार, छात्रा दीपा, आरुषी, अनामिका और दीक्षा को प्राथमिक उपचार दिया गया। उन्हें जरूरी जांच के लिए सुबह श्रीनगर भेजा गया।

वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय कुमार ने बताया कि वे लगातार घायलों की जानकारी ले रहे हैं। श्रीनगर बेस अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार सभी घायलों की स्थिति ठीक है और वे खतरे से बाहर हैं। सभी का उपचार चल रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button