अचानक बढ़ा भट्टा फॉल का जलस्तर, भयंकर रूप में दिखा झरना
भारी बारिश के कारण शहर का अधिकांश वर्षा जल भट्टा फॉल की ओर बहकर पहुंचता है। लगातार हो रही बारिश से झरने में पानी की मात्रा कई गुना बढ़ गई, जिससे तेज गर्जना के साथ पानी नीचे गिरता दिखाई दिया।

मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में हुई मूसलाधार बारिश के बाद प्रसिद्ध पर्यटन स्थल भट्टा फॉल का जलस्तर अचानक बढ़ गया। झरने में तेज बहाव के साथ पानी अपने रौद्र रूप में दिखाई दिया, जिससे मौके पर मौजूद पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने इसका वीडियो अपने कैमरे में कैद किया।
शुक्रवार को हुई भारी बारिश के कारण शहर का अधिकांश वर्षा जल भट्टा फॉल की ओर बहकर पहुंचता है। लगातार हो रही बारिश से झरने में पानी की मात्रा कई गुना बढ़ गई, जिससे तेज गर्जना के साथ पानी नीचे गिरता दिखाई दिया। मानसून के दौरान भट्टा फॉल का यह दृश्य आकर्षक तो होता है, लेकिन तेज बहाव के कारण फॉल अपने रौद्र रुप में दिखाई दिया।
स्थानीय निवासियों के अनुसार लगातार भारी बारिश होने पर भट्टा फॉल का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसलिए ऐसे समय में पर्यटकों को झरने के किनारे जाने से बचना चाहिए। उन्होने कहा कि फॉल में भारी मात्रा में पानी बढ़ गया। हालांकि फॉल में पानी बढ़ने के दौरान आसपास कोई पर्यटक मौजूद नही था।
बता दें कि मसूरी में शुक्रवार दोपहर बाद हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सुबह तक मौसम साफ रहने और धूप खिलने के बाद दोपहर करीब दो बजे अचानक तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे शहर का तापमान गिर गया और मौसम सुहावना हो गया। हालांकि भारी बारिश के चलते लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बारिश के दौरान कई नालियां ओवरफ्लो हो गईं और कुछ स्थानों पर नालियां बंद होने के कारण पानी सड़कों पर बहने लगा। इससे पैदल चलने वाले लोगों, स्थानीय निवासियों, पर्यटकों और स्कूल से लौट रहे छात्रों को आवागमन में दिक्कतें झेलनी पड़ीं।




