Breaking NewsNational

इस राज्य में बारिश और बिजली गिरने से 24 लोगों की मौत, 15 घायल

बारिश और बिजली गिरने की वजह से यूपी में 24 लोगों की मौत होने का मामला सामने आया। इन घटनाओं में 15 लोग घायल भी हो गए हैं। वहीं सीएम योगी ने प्रभावित लोगों को तत्काल मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं।

लखनऊ। यूपी में बीते कुछ दिनों से कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश देखने को मिल रही है। वहीं पिछले दो दिनों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने से यूपी में 24 लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा 15 लोगों के घायल होने की भी सूचना है। वहीं यूपी में 16 पशुओं की भी मौत हो गई है। हालांकि सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और अधिकारियों को घायलों के उचित उपचार की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। सीएम योगी ने निर्देश दिया है कि भारी बारिश से जानमाल के नुकसान और घायलों के लिए 24 घंटे के भीतर मुआवजा दिया जाए।

पीड़ितों को मुआवजा देने के निर्देश

दरअसल, उत्तर प्रदेश सरकार ने तूफान, आग, ओलावृष्टि और अत्यधिक वर्षा सहित हाल की प्रतिकूल मौसम स्थितियों से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की प्रक्रिया तेज कर दी है। एक बयान के मुताबिक यूपी में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से काफी किसानों को नुकसान पहुंचा है। बुधवार से ही यूपी के कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। इससे किसानों की फसलों के साथ अन्य को भी नुकसान पहुंचा है। बयान में कहा गया कि उन्हें राहत पहुंचाने के लिए सीएम योगी ने पीड़ितों को मुआवजा दिलाने का निर्देश दिया है।

अलर्ट मोड पर रहें अधिकारी

यूपी के कई जिलों में हो रही असमय बारिश और ओलावृष्टि को लेकर सीएम योगी ने स्पष्ट निर्देश दिया है। बयान के मुताबिक जनहानि, पशुहानि, घायलों और आपदा से प्रभावितों लोगों और किसानों को मुआवजा दिलाने का अधिकारियों को निर्देश दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि मुआवजा दिलाने के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने तत्काल पर प्रभाव से अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया।

Advertisements
Ad 27

किसानों की फसल को नुकसान

बता दें कि बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। यूपी में किसानों की आम की फसलें बर्बाद हो गई हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है। मांझी के एक आम किसान दिनेश ने कहा, “हमारे पास 40-50 बीघा जमीन है। खराब मौसम के कारण फसलें गिर गईं। मैंने इसे लगभग 6 लाख रुपये में खरीदा था, लेकिन भारी नुकसान हो गया। सिर्फ नुकसान हुआ है, कोई मुनाफा नहीं। अगर सरकार किसी भी तरह से हमारी मदद कर सके तो राहत मिले।”

यूपी में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश और तूफान के साथ ओलावृष्टि हो रही है। हालांकि इससे तापमान में गिरावट जरूर हुई है, लेकिन किसानों को भारी नुकसान हुआ है। वहीं मौसम विभाग की मानें तो आज यानी शुक्रवार से यूपी में बारिश कम होने के आसार हैं। पूर्वी यूपी और तराई क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। वहीं कल यानी शनिवार से तापमान बढ़ने के आसार जताए जा रहे हैं। हालांकि 4 मई से सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से यूपी के कुछ इलाकों में दोबारा हल्की बारिश के आसार जताए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button