पति के निधन के बाद जब शूट पर लौटीं नीतू कपूर, बताया सेट पर कैसा रहता था हाल
नीतू कपूर ने बताया कि कैसे ऋषि कपूर के निधन के बाद जब वह फिल्मी सेट पर लौटीं तो उनका क्या हाल था। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने 'जुग जुग जीयो' की शूटिंग शुरू की, हर शॉट से पहले वह कांपने लगती थीं।

मुंबई। दिग्गज अभिनेत्री नीतू कपूर इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘दादी की शादी’ को लेकर चर्चा में हैं, जिसके साथ उनकी बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी ने भी डेब्यू किया है। इस बीच नीतू कपूर ने बताया कि ऋषि कपूर के निधन के बाद फिल्मों में वापसी की, जिसमें फिल्म निर्माता करण जौहर का सबसे अहम रोल था। उन्होंने बताया कि ऋषि कपूर के निधन के बाद करण जौहर ने ही उन्हें फिल्मों में वापस करने के लिए प्रोत्साहित किया था। 2020 में ऋषि कपूर का निधन हो गया था, जिसे लेकर अब नीतू कपूर ने कुछ इमोशनल पल साझा किए हैं। उन्होंने बताया कि करण ने ही ‘जुग जुग जीयो’ के साथ उन्हें दोबारा वापसी के लिए मोटिवेट किया था। लेकिन, इस समय वह भावनात्मक तौर पर इतनी कमजोर थीं कि हर शॉट से पहले कांपने लगती थीं।
नीतू कपूर को याद आए ऋषि कपूर के निधन के बाद के दिन
सोहा अली खान के पॉडकास्ट शो ‘ऑल अबाउट हर’ में बात करते हुए नीतू कपूर ने कहा- “करण ने मुझसे कहा, ‘नीतू जी, मुझे लगता है आपको फिल्मों में वापसी करने के बारे में सोचना चाहिए। करण ने मुझे प्रोत्साहित किया और फिर मैंने हां कह दी। लेकिन, जुग जुग जीयो की शूटिंग के दौरान मैं बहुत घबराई रहती थी। मैं उस दौरान कितनी घबराई रहती थी, इसका आपको अंदाजा भी नहीं होगा। हर शॉट से पहले मैं कांपने लगती थी। मैंने 70-80 फिल्में की हैं, लेकिन मुझमें वो हिम्मत नहीं थी। अपने पति के बिना सेट पर अकेले जाना, तब मेरे साथ कोई नहीं होता था। लेकिन, मैंने हिम्मत जुटाई और मैने किया भी। इससे मुझे काफी मदद मिली।”
रिद्धिमा ने भी याद किए पिता के निधन के बाद के दिन
ऋषि कपूर और नीतू कपूर की बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी ने भी इस पॉडकास्ट में शिरकत की, जिन्होंने पिता के निधन के बाद परिवार द्वारा झेले कठिन समय के बारे में बात की और बताया कि कैसे दोनों ही उस दौरान शोक से जूझ रही थीं और भावनात्मक तौर पर एक-दूसरे पर निर्भर नहीं हो पा रही थीं। रिद्धिमा ने कहा, “मां मुझसे अपने दिल की बात नहीं कर पाती थीं क्योंकि ये मेरे लिए भी बहुत मुश्किल समय था। पापा के जाने के बाद मैं भी शोक में डूबी हुई थी। उनका हाल देखकर मैं भी उनसे अपने दिल की बात नहीं कह पाती थी। हम सोने के लिए अलग-अलग कमरों में चले जाते थे।”
काम पर लौटने से दर्द से उबरने में मिली मदद
नीतू कपूर आगे बताती हैं कि कैसे काम पर लौटने के बाद उन्हें इस दर्द से बाहर आने में मदद मिली। उन्होंने कहा, “मैं बाहर निकली, शोज किए और कुछ शोज में जज की भूमिका भी निभाई। इन सबने मुझे मजबूत बनने में मदद की। अब मुझे शोहरत या पैसे की जरूरत नहीं है। मैं तो बस खुद को खुश रखने के लिए कभी-कभी फिल्में करती हूं।”
2020 में हुआ था ऋषि कपूर का निधन
बता दें, ऋषि कपूर ने 30 अप्रैल, 2020 को ल्यूकेमिया के चलते इस दुनिया को अलविदा कह दिया था। ये वो समय था जब देश में कोरोना दस्तक दे चुका था और लॉकडाउन के चलते लोगों को अपने घरों से निकलने की भी परमिशन नहीं थी। ऐसे में रिद्धिमा भी अपने पिता के आखिरी दर्शन के लिए नहीं पहुंच पाई थीं। ऋषि कपूर के निधन के कुछ महीने बाद नीतू कपूर ने सिनेमा में वापसी की और ‘जुग जुग जीयो’ में महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आईं।




