दिल्ली में रूह कंपा देने वाली वारदात, डॉक्टर ने ‘काला जादू’ के शक में की नौकरानी की हत्या
दिल्ली के माउंट कैलाश से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां रहने वाले डॉक्टर मनीष गुप्ता ने अपनी ही 45 वर्षीय घरेलू सहायिका मीना की बल्ले और चाकू से मारकर हत्या कर दी है।

Delhi Murder Case: दिल्ली के पॉश इलाके में रहने वाले 50 साल के डर्मेटोलॉजिस्ट मनीष गुप्ता ने गुरुवार को अपनी ही घरेलू सहायिका की बैट और चाकू से पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी डॉक्टर के अनुसार उसके यहां काम करने वाली महिला घर में बुरी ऊर्जा लेकर आई थी। उसने पुलिस को बताया कि वह चाहता था कि मीना को उसके घर से निकाल दिया जाए क्योंकि वह उसके परिवार पर काला जादू कर रही है, लेकिन उसकी किसी ने नहीं सुनी। इस बात से नाराज होकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
बैट और चाकू मारकर की हत्या
डॉक्टर ने इस अपराध को कबूल करते हुए बताया कि उसकी अपने परिवार वालों से काम वाली को लेकर बहस होती थी। वो चाहता था कि वो उसे नौकरी से हटा दिया जाए। लेकिन जब उसकी ये बात किसी ने नहीं मानी तो उसने इस घटना को अंजाम दिया। गुरुवार की सुबह 10.15 बजे जब आरोपी की पत्नी डॉ. टीना गुप्ता काम पर चली गईं तब करीब 10.30 से 10.45 बजे के बीच महिला काम करने के लिए उसके घर आई। उसने कपड़े धोए और उन्हें सुखाने के लिए वो छत पर गई। आरोपी मनीष भी उसका पीछा करते हुए छत पर चला गया। सुबह 11.15 से 11.30 बजे के बीच डॉक्टर मनीष ने काम वाली के सिर पर बैट से हमला किया और वह फर्श पर गिर गई। इसके बाद उसने उस पर चाकू से वार किया। फिर आरोपी ने नीचे जाकर हथियार को सीढ़ियों के पास रख दिया। जब पुलिस घटना स्थल पर पहुंची तो खून से सने हथियार बरामद कर लिए गए। आरोपी ने भी अपना अपराध कबूल करते हुए कहा कि मुझे फांसी दे दो।
हत्या के बाद शव के पास ही बैठा रहा आरोपी
बता दें घर में काम करने वाली मीना जिसकी हत्या हुई वो 10-15 साल से डॉक्टर मनीष के घर पर काम कर रही थी। अपनी बीवी और बच्चे से बार बार मीना को नौकरी से निकालने के लिए बोलता था। लेकिन पत्नी जो खुद आयुर्वेद की डॉक्टर है वो मीना को नौकरी निकालने के लिए मना करती थी। इसी बात से परेशान डॉक्टर मनीष ने घर की छत पर मीना की हत्या कर दी। हत्या करने के बाद मनीष शव के साथ ही बैठा रहा।
पुलिस अलग-अलग एंगल से कर रही जांच
अब पुलिस दो अलग-अलग एंगल को लेकर जांच कर रही है। पहले काला जादू यानी डॉक्टर मनीष गुप्ता को इस बात का शक था कि उसके घर में काम करने वाली मीना ने परिवार के सदस्यों पर काला जादू किया हुआ है जिस कारण परिवार के सदस्य डॉ मनीष गुप्ता की बात नहीं मानते थे। वहीं दिल्ली पुलिस इस बात को लेकर की जांच कर रही है कि डॉक्टर मनीष गुप्ता कहीं डिप्रेशन का शिकार तो नहीं थे और डिप्रेशन में आकर तो उन्होंने मीना की हत्या तो नहीं की।




