‘मुसाफिर कैफे’ समेत ओटीटी पर रिलीज हुई नई मूवीज-सीरीज, इस वीकेंड लें पूरा मज़ा
इस हफ्ते स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर रोमांस, माइथोलॉजी, कॉमेडी, एक्शन और फैमिली एंटरटेनमेंट से भरपूर कई फिल्में और सीरीज रिलीज हुई है। ऐसे में आप ओटीटी पर 'मुसाफिर कैफे' के अलावा भी बहुत कुछ देख सकते हैं।

Bollywood News: इस हफ्ते ओटीटी पर कई नई फिल्मों और सीरीज ने दस्तक दी है, जिन्हें आप घर बैठे वीकेंड पर देख सकते हैं। इनमें से कुछ आप अपनी वॉच लिस्ट में भी शामिल कर सकते हैं। चाहे आपका मन रोमांटिक ड्रामा, फैंटेसी एडवेंचर, कॉमेडी या एक्शन से भरपूर एंटरटेनर देखने का हो, इस वीक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर हर दर्शक के लिए कुछ न कुछ उपलब्ध है। विक्रांत मैसी की रोमांटिक सीरीज ‘मुसाफिर कैफे’ से लेकर के के मेनन की ‘आदर्श बाल विद्यालय’ तक, नेटफ्लिक्स, अमेजन प्राइम वीडियो, सोनी लिव जैसे कई ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आप इन नई रिलीज का मजा उठा सकते हैं।
1. मुसाफिर कैफे
विक्रांत मैसी, वेदिका पिंटो और महिमा मकवाना स्टारर ‘मुसाफिर कैफे’ 24 जुलाई 2026 को रिलीज हो चुकी है। कहानी चंदर, सुधा और प्रीति के इर्द-गिर्द घूमती है। यह रोमांटिक सीरीज अब नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है। ‘मुसाफिर कैफे’ दिव्या प्रकाश दुबे के इसी नाम के नॉवेल पर आधारित है। इस सीरीज को इंडिया टीवी ने 3.5 रेटिंग दी है।
2. स्टुअर्ट फेल्स टू सेव द यूनिवर्स
‘स्टुअर्ट फेल्स टू सेव द यूनिवर्स’ आप जियो हॉटस्टार पर देख सकते हैं। यह एक साइंस-फिक्शन कॉमेडी सीरीज है और ‘द बिग बैंग थ्योरी’ का स्पिन-ऑफ है, जिसमें 10 एपिसोड है। कहानी स्टुअर्ट ब्लूम के बारे में है, जो दुनिया को मल्टीवर्सल संकट से बचाने की कोशिश करता है। इसे चक लॉरे, जैक पेन और बिल प्रैडी ने मिलकर बनाया है।
3. कॉन सिटी
तमिल कॉमेडी-ड्रामा ‘कॉन सिटी’ 24 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई। यह फिल्म तमिल, हिंदी, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में उपलब्ध है। इस फिल्म में अर्जुन दास, अन्ना बेन और वदिवुक्करासी मुख्य भूमिकाओं में हैं और इसका निर्देशन हरीश दुरईराज ने किया है।
4. 72 आवर्स
इस अमेरिकन कॉमेडी फिल्म को टिम स्टोरी ने डायरेक्ट किया है। इसमें केविन हार्ट मुख्य भूमिका में हैं। साथ ही मार्सेलो हर्नांडेज, मेसन गुडिंग, कैम पैटरसन और बेन मार्शल भी हैं। यह फिल्म अब नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है।
5. आदर्श बाल विद्यालय
आप 24 जुलाई से प्राइम वीडियो पर हिमांक गौर की डायरेक्ट की गई कॉमेडी ड्रामा सीरीज ‘आदर्श बाल विद्यालय’ देख सकते हैं। इस सीरीज में के के मेनन, अर्चना पूरन सिंह, नवीन कस्तूरिया, प्रसन्ना बिष्ट, देवेन भोजानी, अजितेश गुप्ता, अन्नपूर्णा सोनी, प्राची शाह और अभिमन्यु सिंह जैसे कई कलाकार हैं। इस सीरीज में सात एपिसोड हैं।
6. पल्लीचट्टम्बी
टोविनो थॉमस और कयादु लोहार स्टारर मलयालम पीरियड एक्शन ड्रामा फिल्म ‘पल्लीचट्टम्बी’ अब सोनी लिव पर स्ट्रीम हो रही है। ओटीटी पर आने से पहले यह फिल्म 15 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।
7. नागबंधम
तेलुगु माइथोलॉजिकल फैंटेसी फिल्म ‘नागबंधम’ थिएटर्स में रिलीज होने के सिर्फ 21 दिन बाद 24 जुलाई को अमेजन प्राइम वीडियो पर आ गई। इस फिल्म में विराट कर्णा, नाभा नतेश, ऐश्वर्या मेनन, महेश मांजरेकर, मुरली शर्मा और जगपति बाबू मुख्य भूमिकाओं में हैं। अभिषेक नामा द्वारा निर्देशित यह फिल्म माइथोलॉजी और फैंटेसी पर आधारित है। इसकी कहानी एक प्राचीन पवित्र खजाने को शक्तिशाली बुरी ताकतों से बचाने की लड़ाई के इर्द-गिर्द घूमती है।
8. द डिंक
‘द डिंक’ पिकलबॉल खेल पर आधारित एक स्पोर्ट्स कॉमेडी फिल्म है। कहानी एक नाकाम टेनिस खिलाड़ी (जेक जॉनसन) की है, जो अपने पिता के कंट्री क्लब को बचाने और उनका सम्मान पाने के लिए मजबूरी में पिकलबॉल खेलना शुरू करता है। यह फिल्म आप एप्पल टीवी पर देख सकते हैं।
9. सीक्रेट ऑफ कलिंगा
24 जुलाई को सन एनएक्सटी पर रिलीज हुई ‘सीक्रेट ऑफ कलिंगा’ हॉरर, कॉमेडी और मिस्ट्री से भरपूर है। इसमें ध्यान श्रीनिवासन, सनीश उन्नीकृष्णन और अल्ताफ सलीम जैसे जाने-माने कलाकार हैं।
10. ईगो रमन
तमिल ड्रामा ‘ईगो रमन’ 24 जुलाई से अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रही है। इस फिल्म में सिबी चंद्रन और रोबो शंकर हैं और इसे गणेशान नचिमुथु ने डायरेक्ट किया है। इसकी कहानी एक सिविल सर्विस एस्पिरेंट और एक घमंडी स्कूल प्रिंसिपल के बीच टकराव को दिखाती है।




