पूरी तरह बेड रेस्ट पर रहेंगे शरद कपूर, सामने आई ये अपडेट
अभिनेता शरद कपूर का इलाज शुरू हो गया है। डॉक्टरों ने उन्हें पूरी तरह बेड रेस्ट और एक सप्ताह तक फोन से दूर रहने की सलाह दी है। सोनू निगम के संदेश से अभिनेता खुश हैं।

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता शरद कपूर इन दिनों अपनी सेहत और आर्थिक परेशानियों को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के अपने वरिष्ठ कलाकारों और सहयोगियों से काम और आर्थिक मदद की गुहार लगाई थी। इसके बाद उनके स्वास्थ्य को लेकर भी कई तरह की चिंताएं सामने आईं। अब अभिनेता के करीबी दोस्त और पशु कल्याण कार्यकर्ता हेमा चौधरी ने उनकी सेहत को लेकर नया अपडेट साझा किया है। उन्होंने बताया कि शरद कपूर का इलाज शुरू हो चुका है और डॉक्टरों ने उन्हें पूरी तरह बेड रेस्ट करने की सलाह दी है। फिलहाल अभिनेता की कई मेडिकल जांचें कराई जा रही हैं। रिपोर्ट आने के बाद डॉक्टर आगे के इलाज को लेकर फैसला करेंगे।
शरद कपूर की मेडिकल जांच शुरू
हेमा चौधरी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर शरद कपूर की मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभिनेता के सभी जरूरी ब्लड टेस्ट शुरू हो चुके हैं। कुछ जांचों की रिपोर्ट आ गई है, जबकि बाकी रिपोर्ट अगले एक-दो दिनों में मिलने की उम्मीद है। इन रिपोर्ट्स को देखने के बाद डॉक्टर तय करेंगे कि शरद को आगे किस तरह के इलाज की जरूरत है। हेमा के मुताबिक इलाज की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और डॉक्टरों ने उन्हें सख्त हिदायत दी है कि वह फिलहाल पूरी तरह आराम करें। हेमा ने वीडियो में कहा कि शरद कपूर को इस समय किसी तरह का तनाव या भागदौड़ नहीं करनी चाहिए। उनकी सेहत को प्राथमिकता देते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेड रेस्ट की सलाह दी है। ऐसे में अभिनेता की दिनचर्या को भी सीमित रखा जा रहा है, ताकि वह बिना किसी परेशानी के अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दे सकें।
एक हफ्ते तक फोन से दूर रहेंगे अभिनेता
हेमा चौधरी ने यह भी बताया कि पिछले कुछ दिनों से शरद कपूर को लगातार मीडिया, फिल्म इंडस्ट्री के लोगों और प्रशंसकों के फोन आ रहे थे। अचानक मिली इस लोकप्रियता और लोगों की चिंता ने अभिनेता को काफी असहज कर दिया था। हेमा के मुताबिक, शरद पिछले करीब दो साल से सामाजिक मेलजोल से काफी दूर रह रहे थे। ऐसे में एकाएक इतनी बातचीत और लोगों का ध्यान उनके लिए संभालना मुश्किल हो रहा था। इसी वजह से फिलहाल शरद का फोन बंद कर दिया गया है और वह हेमा के पास है। डॉक्टरों ने उन्हें कम से कम एक सप्ताह तक किसी भी तरह की फोन कॉल न लेने की सलाह दी है। हेमा ने बताया कि लगातार 24 घंटे फोन पर बातचीत करना उनकी मानसिक स्थिति और स्वास्थ्य के लिए ठीक नहीं होगा। इसलिए इलाज और रिकवरी के दौरान उन्हें बाहरी संपर्क से दूर रखा जा रहा है।
सोनू निगम के वॉयस मैसेज से खिले शरद के चेहरे पर मुस्कान
शरद कपूर की सेहत को लेकर चिंताओं के बीच हेमा चौधरी ने एक राहत देने वाली बात भी साझा की। उन्होंने बताया कि अभिनेता फिलहाल ठीक से खाना खा रहे हैं और उनका मूड भी अच्छा है। इस दौरान उन्हें कई लोगों का प्यार और समर्थन मिल रहा है। खास तौर पर गायक सोनू निगम का एक वॉयस मैसेज सुनकर शरद काफी खुश हुए। हेमा ने बताया कि पिछली रात सोनू निगम का वॉयस मैसेज आया था, जिसे सुनकर शरद के चेहरे पर मुस्कान आ गई। उन्होंने कहा कि प्रशंसकों की दुआओं और शुभकामनाओं से अभिनेता का हौसला बना हुआ है। हेमा के मुताबिक शरद इस समय काफी खुश हैं और लोगों की चिंता और प्यार उनके लिए मायने रखता है।
एक सप्ताह बाद फिर मिलेगा शरद कपूर की सेहत का अपडेट
हेमा चौधरी ने फैंस को भरोसा दिलाया है कि वह शरद कपूर की स्थिति पर लगातार नजर रख रही हैं। फिलहाल अभिनेता का इलाज और मेडिकल जांच जारी है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह बाद वह फिर से वीडियो साझा कर शरद की सेहत के बारे में विस्तार से जानकारी देंगी। उस समय यह भी बताया जाएगा कि उनकी रिपोर्ट में क्या सामने आया है, डॉक्टर किस तरह का इलाज कर रहे हैं और अभिनेता को आखिर किस स्वास्थ्य समस्या का सामना करना पड़ रहा है।




